डेमोक्रेटिक पार्टी के विरोध के बीच ट्रंप ने अपने करीबी मिलर को बनाया व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ

Washington: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी और आव्रजन नीति के प्रमुख रणनीतिकार स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है. ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी घोषणा करते हुए मिलर को अपना सबसे भरोसेमंद सलाहकार बताया. उन्होंने कहा कि मिलर फिलहाल प्रशासन में डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और अब व्हाइट हाउस के 33वें चीफ ऑफ स्टाफ होंगे.

कौन-सा पद या जिम्मेदारी सौंपी जाएगी

राष्ट्रपति ने सूसी वाइल्स के काम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में शानदार काम किया है. मैं उनका आभार जताता हूं. हालांकि, राष्ट्रपति ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके राजनीतिक संगठन में वाइल्स को कौन-सा पद या जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. व्हाइट हाउस ने भी मिलर की नियुक्ति की पुष्टि की. उनके नाम पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, रिपब्लिकन सांसदों और पुरातनपंथी विचारधारा वाले नेताओं ने समर्थन जताया है.

आव्रजन नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण

मिलर की नियुक्ति को ट्रंप प्रशासन की घरेलू और खासकर आव्रजन नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वह पहले से ही प्रशासन में प्रभावशाली भूमिका निभा रहे थे और ट्रंप की सख्त आव्रजन नीति तैयार करने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं. अब चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में उनके पास व्हाइट हाउस के कामकाज और राष्ट्रपति तक वरिष्ठ अधिकारियों की पहुंच को समन्वित करने की अहम जिम्मेदारी होगी.

आव्रजन नीति को और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाने का संकेत

इस नियुक्ति पर डेमोक्रेटिक पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. कैलिफोर्निया के डेमोक्रेटिक सीनेटर एलेक्स पाडिला ने कहा कि मिलर को इस पद पर लाकर ट्रंप ने अपनी आव्रजन नीति को और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाने का संकेत दिया है. पाडिला ने कहा कि ट्रंप अपने रुख पर और सख्त हो रहे हैं तो हम भी पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट सांसद निगरानी, जांच, समन जारी करने और संघीय फंडिंग पर अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर प्रशासन की नीतियों की जवाबदेही तय करने की कोशिश करेंगे.

इसे भी पढ़ें. ‘ट्रंप की हत्या करने की बात आई दिमाग में’, व्हाइट हाउस के पास पकड़ा गया संदिग्ध, तीन बंदूकें बरामद

Latest News

गाजियाबाद पुलिस चौकी धमाके में आतंकी एंगल की एंट्री! ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन’ ने ली जिम्मेदारी, पोस्ट से मचा हड़कंप

Ghaziabad Police Chowki Blast: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी पर हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क...

More Articles Like This

Exit mobile version