US Midterm Elections 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए मिडटर्म चुनाव की राह दिखाई नहीं दे रही है. रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में हो रही रैलियों में लगातार विरोध और हंगामा देखने को मिल रहा है. ऐसे में बुधवार को साउथ कैरोलिना में ट्रंप के भाषण के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की. करीब 4 बार उन्हें बोलने से रोका गया. वहीं एक समर्थक ने प्रदर्शनकारी को मुक्का मार दिया, जिसकी ट्रंप ने मंच से तारीफ भी की. वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओहायो में हुई रैली में भी एक प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरे के करीब पहुंच गया और नारे लगाने लगा. ये घटनाएं ऐसे समय हो रही हैं, जब 3 नवंबर के मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं.
ट्रंप-वेंस की रैली में चले लात-घूंसे, प्रदर्शनकारी को मारा मुक्का, आसान नहीं मिडटर्म चुनाव की राह
US Midterm Elections 2026
Must Read
बता दें कि 21 अक्टूबर की रात साउथ कैरोलिना के क्लेमसन यूनिवर्सिटी में ट्रंप की रैली के दौरान 12 लोगों ने उनके भाषण में व्यवधान डाला. इस दौरान दो प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट भी हुई. एक प्रदर्शनकारी स्टेज के पास विरोध कर रहा था, तभी वहां मौजूद एक समर्थक ने उसे मुक्का मार दिया. ऐसे में शेरिफ के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी को वहां से हटाया. इस बीच ट्रंप ने मंच से उस समर्थक की तारीफ करते हुए उसकी तुलना मशहूर मुक्केबाज इवांडर होलीफील्ड से की. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी को मुक्का पड़ा और ट्रंप की रैली में इस तरह विरोध करना हिम्मत का काम है.
एक अन्य प्रदर्शनकारी को भी रैली स्थल पर एक व्यक्ति ने सिर पर थप्पड़ मारा. हालांकि, यह साफ नहीं है कि मारपीट करने वालों में से किसी को गिरफ्तार किया गया या नहीं. हालांकि ये पहली बार नहीं है जब ट्रंप की रैलियों में विरोध की घटनाएं सामने आई हैं. इससे पहले ओहायो, जॉर्जिया, कंसास और नॉर्थ कैरोलिना में भी प्रदर्शनकारियों ने उनके भाषण के दौरान नारे लगाए. कुछ लोग एपस्टीन फाइलें सार्वजनिक करने की मांग कर रहे थे, जबकि अन्य ने इमिग्रेशन नीति और ईरान युद्ध को लेकर विरोध जताया. ट्रंप अक्सर ऐसे प्रदर्शनकारियों को ‘पेड प्रोटेस्टर्स’ यानी पैसे लेकर विरोध करने वाले लोग बताते हैं.
वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की रैली में भी बुधवार को ऐसी ही घटना हुई. ओहायो के सिनसिनाटी में वेंस रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी और सीनेट उम्मीदवार जॉन हस्टेड के समर्थन में प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान सूट और लाल MAGA टोपी पहने एक व्यक्ति दर्शकों के बीच से निकलकर वेंस के पीछे पहुंच गया. उसने टोपी उतारकर फेंक दी और चिल्लाते हुए वेंस का विरोध करने लगा. इसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे पकड़कर बाहर निकाल दिया. उस समय भीड़ ‘USA! USA!’ के नारे लगाने लगी. घटना के बाद वेंस ने प्रदर्शनकारी के बालों पर तंज कसा और कहा कि वह डेमोक्रेट समर्थक था. हालांकि, इस घटना ने उपराष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए, क्योंकि प्रदर्शनकारी उनके काफी करीब पहुंच गया था.