US Politics after Midterm Election: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम में दरारें दिखने लगी हैं. व्हाइट हाउस के गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप की गूंज सुनाई देने लगी है. ऐसे में एक ओर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस खुद को युद्ध से अलग करने की कोशिश में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग का खतरा मंडरा रहा है.
वेंस 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उतरेंगे या नहीं
दरअसल, व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने वेंस के 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उतरने को लेकर अनिश्चितता जताई. उन्होंने कहा कि ‘मैं उनसे कई बातें करता हूं, लेकिन देखना होगा क्या होता है. पता नहीं कौन दौड़ में उतरेगा. शायद बहुत लोग, शायद कोई नहीं. शायद वेंस भी नहीं.’ ट्रंप के इन शब्दों में साफ झलकता है कि हार के बाद उत्तराधिकार की बहस शुरू हो चुकी है. वैसे तो वेंस को लंबे समय से ट्रंप का संभावित वारिस माना जाता रहा था, लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं.
रिपब्लिकन पार्टी के हार की वजह
वहीं, जेडी वेंस ने खुद का बचाव करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि हार की असली वजह ईरान युद्ध है. उन्होंने कहा कि ‘हम हारे तो युद्ध की वजह से. राष्ट्रपति ने खुद पिछली रात यह बात कही.’ फरवरी में शुरू हुए अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध ने मतदाताओं का मूड बिगाड़ दिया था. महंगाई और ऊंचे तेल दामों ने रिपब्लिकन पार्टी को भारी नुकसान पहुंचाया. वेंस का यह बयान ट्रंप की सबसे विवादास्पद विदेश नीति से खुद को दूर करने जैसा लगता है.
पार्टी के अंदर एक और तूफान
इसी बीच पार्टी के अंदर एक और तूफान खड़ा हो गया है. दरअसल, कई रिपब्लिकन सांसद और सहयोगी अब रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को निशाने पर ले रहे हैं. उनका आरोप है कि हेगसेथ ने ही ट्रंप को ईरान पर हमला करने के लिए उकसाया.और वो भी तब जब न कोई निकलने की रणनीति थी, न राजनीतिक नुकसान संभालने की तैयारी. ऐसे में हाउस में अगले सप्ताह ही हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव लाया जा सकता है.
हेगसेथ के प्रति नहीं दिख रही सांसदों की वफादारी
केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने कहा है कि वे यह वोट करवाएंगे और कई सूत्रों के मुताबिक यह प्रस्ताव पास भी हो सकता है. गौरतलब है कि पार्टी के अंदर ट्रंप पर सीधा हमला करने की हिम्मत अभी किसी में नहीं है. दो साल बाकी हैं और ज्यादातर सांसद राष्ट्रपति से नाता तोड़ने को तैयार नहीं लेकिन हेगसेथ के प्रति यह वफादारी नहीं दिख रही.
बता दें कि वे पेंटागन में आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं और कांग्रेस में उनके दोस्त कम ही हैं. ऐसे में चुनाव में हार के बाद अब उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है. ट्रंप की टीम में यह बिखराव सिर्फ सत्ता के संघर्ष का संकेत नहीं, बल्कि गहरी निराशा का भी.
दरअसल, चुनाव में हुई ऐतिहासिक हार ने सबको हिला दिया है. वेंस कतराने लगे हैं, हेगसेथ पर खतरा मंडरा रहा है और ट्रंप खुद भविष्य को लेकर असमंजस में हैं. ऐसे में व्हाइट हाउस अब जीत के जश्न का नहीं, बल्कि बचाव और आरोपों का अखाड़ा बनता जा रहा है.

