Dehradun Crme: बैंक प्रबंधक ने मांगी लोन की किश्त तो गुंडे भेजकर उठवाया, असलहे के दम पर…

Must Read

देहरादूनः देहरादून से दबंगई की हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है. यहां लोन की किश्त चुकाने के लिए फोन करने पर आईटीआई गुजराड़ा मान सिंह के इंस्ट्रक्टर (प्रोफेसरियल रैंक से नीचे का शिक्षक) ने बैंक प्रबंधक को जान से मारने की धमकी दी. इतना ही नहीं, धमकी के अगले दिन सात-आठ गुंडों को भेजकर बैंक प्रबंधक को शाखा से उठवा लिया और असलहे के दम पर बैंक प्रबंधक से चार बार माफी मंगवाई गई. पीड़ित की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई.

गुजराड़ा मान सिंह स्थित केनरा बैंक के शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ ढौंढियाल ने राजपुर थाने में तहरीर दी. शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्होंने गत 21 जुलाई को आईटीआई गुजराड़ा के इंस्ट्रक्टर मदन नौटियाल को फोन कर लोन की किश्त जमा करने को कहा था.

उनका आरोप है कि मदन ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी. ढौंढियाल ने बताया कि अगले दिन वह बैंक शाखा में अपने केबिन में बैठे हुए थे. इसी दौरान दोपहर के समय सात-आठ युवक गार्ड को धक्का देते हुए बैंक में घुस गए.

शोर सुनकर वह केबिन से बाहर आ गए. आरोप है कि उनमें से एक युवक ने कहा कि उसने 11 हत्याएं की हैं. एक और हत्या करने से उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा. इसके बाद युवक जबरदस्ती उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गए. यह घटना सभी कर्मचारी और ग्राहक देख रहे थे.

ढौंढियाल ने बताया कि युवक उन्हें आईटीआई में प्रिंसिपल के ऑफिस में ले गए. वहां मदन नौटियाल पहले से ही मौजूद था. आरोप है कि वहां पहुंचते ही नौटियाल ने उन्हें गालियां दीं. इस बीच एक युवक ने अपनी जेब से हथियार निकाला और नौटियाल से माफी मांगने को कहा. आरोपियों ने उनसे तीन-चार बार पैर पकड़कर माफी मंगवाई और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. इस संबंध में एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.

Latest News

09 November 2026 Ka Panchang: सोमवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

09 November 2026 Ka Panchang: 9 नवंबर 2026, सोमवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की उदया तिथि अमावस्या है. इस...

More Articles Like This