Cargo Ship Attack: ओमान की खाड़ी में अमेरिका की सेना ने नाकेबंदी तोड़ने पर कार्गो जहाज पर बम बरसाया है. इसकी जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से दी गई है. बताया गया कि नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज को एयरस्ट्राइक कर निष्क्रिय कर दिया गया. अमेरिकी सेना के अनुसार, शिप के क्रू मेंबर्स को बार-बार चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन वह इन चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहा था. ईरान के एक बंदरगाह पर रुकने के बाद उसने क्षेत्रीय जलक्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश की. CENTCOM की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, अमेरिकी सेना ने यह कार्रवाई 7 नवंबर को की. अमेरिकी सैन्य विमान ने सेंट किट्स के झंडे वाले मालवाहक जहाज ‘M/V Huda’ के पिछले हिस्से (स्टर्न) को निशाना बनाते हुए सटीक अटैक किया. इस हमले का मकसद जहाज को आगे बढ़ने में असमर्थ करना था.
चालक दल को हमले से पहले दी गई चेतावनी
अमेरिकी सेना ने बताया कि हमले से पहले जहाज के नागरिक चालक दल को निशाना बनाए जाने वाले हिस्सों से हटने के निर्देश दिए गए थे, ताकि किसी की जान को नुकसान न पहुंचे. इसके बावजूद जहाज ने अमेरिकी चेतावनियों का पालन नहीं किया और नाकेबंदी का उल्लंघन करने की बार-बार कोशिश की. अमेरिकी सेना ने क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों से जुड़े सभी जहाज संचालकों को चेतावनी दी है कि वे ईरान के तटीय इलाकों और आसपास के समुद्री रास्तों से गुजरते समय अमेरिकी सेना के निर्देशों का पालन करें.
अमेरिकी सैन्य कमान के अनुसार, जुलाई से जारी नाकेबंदी लागू करने के अभियानों के दौरान अब तक 147 व्यावसायिक जहाजों को रोककर उनका रास्ता बदलवाया गया है. वहीं, रुकने से इनकार करने वाले पांच कमर्शियल शिप्स को निष्क्रिय किया गया है. इसके अलावा, CENTCOM ने दावा किया है कि उसने ईरान के 10 व्यावसायिक तेल टैंकरों को भी नष्ट किया है. अमेरिकी सेना के मुताबिक, ये टैंकर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कथित बहु-अरब डॉलर के समुद्री नेटवर्क के अहम हिस्से थे.

