PM मोदी कल काशी को 19 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
UP News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र  वाराणसी आ रहे हैं। इस दौरान वह काशी और पूर्वांचल के लिए 19 हजार करोड़ से अधिक की 37 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। प्रधानमंत्री के काशी आगमन पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे। मोदी रविवार दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे, जिसके बाद वह काशी में लगभग 25 घंटे गुजारेंगे।
काशी तमिल संगमम के दूसरे संस्करण का करेंगे शुभारंभ
वाराणसी दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी शाम को नमोघाट से काशी तमिल संगमम के दूसरे संस्करण का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी यहीं से कन्याकुमारी से बनारस के लिए काशी तमिल संगमम एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 17 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले काशी तमिल संगमम के दूसरे संस्करण के दौरान तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के 1400 गणमान्य वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा करेंगे। साथ ही तमिलनाडु और काशी की कला, संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प, व्यंजन एवं अन्य विशेष उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा काशी और तमिलनाडु की संस्कृतियों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। काशी तमिल संगमम के दूसरे संस्करण में साहित्य,  प्राचीन ग्रंथ, दर्शन, अध्यात्म, संगीत, नृत्य, नाटक, योग और आयुर्वेद पर व्याख्यान भी होंगे। इसके अलावा इनोवेशन, ट्रेड, नॉलेज एक्सचेंज, एडुटेक एवं नेक्स्ट जेन टेक्नोलॉजी पर सेमिनार भी आयोजित किये जाएंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन भी मौजूद रहेंगे।
19 हजार करोड़ की 37 परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दौरे के दूसरे दिन सोमवार को सेवापुरी विकासखंड के बरकी ग्राम सभा में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी यहीं से काशी और पूर्वांचल को 19,155 करोड़ की 37 परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इनमें सड़क एवं सेतु, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, पुलिस कल्याण, स्मार्ट सिटी एवं नगर विकास परियोजनाएं, रेलवे, एयरपोर्ट सहित विभिन्न परियोजनाओं का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें 10 हजार करोड़ से अधिक की न्यू पंडिट दीनदयाल उपाध्याय से न्यू भाऊपुर तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना भी शामिल है। इसके अलावा 166 करोड़ की लागत से बनकर तैयार लहरतारा-फुलवरिया-शिवपुर फोर लेन सड़क का भी लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। सोमवार को ही प्रधानमंत्री वाराणसी के चौबेपुर उमरहा स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम का भी लोकार्पण करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी यहां आयोजित 25000 कुंडी स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ के आयोजन में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से तीन लाख लोगों के जुटने की संभावना है। प्रधानमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के आगमन उनके कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया था।
लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
प्रधानमंत्री द्वारा जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा उनमें लहरतारा-फुलवरिया-शिवपुर 4 लेन एवं 2 रेल उपरगामी सेतु, 20 ग्रामीण एवं नगरीय सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पीएसी भुल्लनपुर में 200 बेड एवं पुलिस लाइन में 150 बेड की क्षमता की बैरक, अलईपुर में 132/33 केवी एमवीए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण, न्यू पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-न्यू भाऊपुर जंक्शन के मध्य डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, बलिया-गाजीपुर सिटी खंड के रेलवे लाइन का दोहरीकरण, इंदारा-दोहरीघाट रेल लाइन खंड का गेज परिवर्तन,  जौनपुर जंक्शन-जौनपुर सिटी के मध्य नई बाईपास कॉर्ड लाइन, बैतालपुर, देवरिया पेट्रोलियम डीपो में सुविधाओं का विस्तारीकरण शामिल है।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
प्रधानमंत्री वाराणसी से जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे उनमें चित्रकूट में 800 मेगावाट सोलर पार्क, मीरजापुर में न्यू पेट्रोलियम टर्मिनल, वाराणसी भदोही एनएच 731बी (पैकेज 2) का चौड़ीकरण, जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 69 पेयजल परियोजनाएं, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में 150 बेड वाला क्रिटिकल केयर अस्पताल, 13 सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए नवीन समेकित माध्यमिक आवासीय विद्यालय, वाराणसी में 8 गंगा घाटों का पुनर्विकास, वाराणसी शहर में अलईपुर एवं नक्खीघाट के पास रेल लाइन पर सब वे शामिल हैं।
Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This