अमेरिका में अब सरोगेसी कानूनों को सख्त करने की मांग, चीनी अरबपतियों के पैदा हो रहे 200-200 बच्चों पर भडका US

Must Read

Washington: चीन के अरबपतियों द्वारा अमेरिका में सरोगेसी से 100 से लेकर 200 तक बच्चे पैदा करने के बाद वॉशिंगटन से लेकर बीजिंग तक खलबली मच गई है. अमेरिकी सांसद अब सरोगेसी कानूनों को सख्त करने और इस बर्थ टूरिज्म को रोकने की मांग कर रहे हैं. दरअसल, यह पूरा विवाद उस समय खड़ा हुआ है जब चीन की सरकार   गिरती आबादी से परेशान है. 1979 की वन चाइल्ड पॉलिसी ने चीन को बूढ़ों का देश बना दिया है.

महंगाई और तनाव के कारण लोग नहीं चाहते बच्चे

अब चीन की सरकार तीन बच्चे पैदा करने के लिए कह रही है. लेकिन, महंगाई और तनाव के कारण लोग बच्चे नहीं चाहते. चीन के रईस अपने बच्चों को भविष्य की सुरक्षा देने के लिए उन्हें अमेरिकी बना रहे हैं, जो चीनी सरकार के लिए एक बड़ा झटका है. माना जा रहा है कि इस तरह से चीन के अरबपतियों ने अमेरिका के सरोगेसी कानूनों का तोड़ निकाला है. तकनीक और पैसे के दम पर चीन के रईस अमेरिका में वंश खड़ा कर रहे हैं.

रईसों के अकेले अमेरिका में ही 100 से लेकर 200 तक बच्चे

आलम यह है कि कुछ रईसों के अकेले अमेरिका में ही 100 से लेकर 200 तक बच्चे पैदा हो चुके हैं. इस पूरे खेल के पीछे न केवल अमीरों की सनक है बल्कि नागरिकता का एक बड़ा गणित भी छिपा है. सरोगेसी का सरल अर्थ है किराये की कोख. चीन के रईस अपना स्पर्म अमेरिका भेजते हैं जहां डोनर से अंडे लिए जाते हैं और तीसरी महिला (सरोगेट मदर) की कोख में बच्चा पाला जाता है. अमेरिका के कुछ राज्यों में कमर्शियल सरोगेसी कानूनी है. एक बच्चे पर करीब 1 से 2 करोड़ रुपये खर्च आता है जो इन अरबपतियों के लिए मामूली बात है.

एक या दो नहीं बल्कि दर्जनों बच्चों के ऑर्डर

चीन के रईस इसे किसी फैक्ट्री ऑर्डर की तरह देख रहे हैं. वे एक या दो नहीं बल्कि दर्जनों बच्चों के ऑर्डर दे रहे हैं ताकि उनका खानदान पूरी दुनिया में फैल सके. चीन के लोग अपने देश के बजाय अमेरिका को इसलिए चुन रहे हैं क्योंकि अमेरिका के कानून के अनुसार वहां की धरती पर पैदा होने वाला हर बच्चा जन्मजात अमेरिकी नागरिक बन जाता है. भविष्य में इन बच्चों के जरिए माता-पिता को भी अमेरिकी नागरिकता या ग्रीन कार्ड मिलने की राह आसान हो जाती है. चीन में 2001 से ही कमर्शियल सरोगेसी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा हुआ है.

शू बो के 100 से ज्यादा बच्चे अमेरिका में हो चुके हैं पैदा

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कुछ चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं, जिसके बाद से खलबली मची हुई है. ऑनलाइन गेमिंग कंपनी के मालिक शू बो का दावा है कि उनके 100 से ज्यादा बच्चे अमेरिका में पैदा हो चुके हैं. वह खुद को चाइना का पहला पिता कहते हैं और एलन मस्क से प्रेरित होने का दावा करते हैं. वांग ह्यूवू ने अमेरिकी मॉडलों के एग खरीदकर 10 बेटियां पैदा करवाई हैं. इनका प्लान है कि जब ये बड़ी होंगी तो इनकी शादी दुनिया के सबसे ताकतवर लोगों से कराएंगे.

इस मुद्दे पर भारी बहस

अमेरिका में इस मुद्दे पर भारी बहस छिड़ गई है. क्या बच्चों को किसी सामान की तरह ऑर्डर पर बनवाया जा सकता है? क्या गरीब अमेरिकी महिलाओं को बच्चा पैदा करने वाली फैक्ट्री बनाया जा रहा है? अमेरिकी सांसद अब सरोगेसी कानूनों को सख्त करने और इस बर्थ टूरिज्म को रोकने की मांग कर रहे हैं?

इसे भी पढ़ें. ‘एक पुलिसकर्मी ने पकड़ा दूसरे ने लाठियों से पीटा’, इमरान खान की बहनों, महिला समर्थकों पर लाठीचार्ज, सरेआम बदसलूकी

Latest News

26 February 2026 Ka Panchang: गुरुवार का पंचांग, जानिए शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

26 February 2026 Ka Panchang: हिंदू धर्म में किसी भी कार्य को करने से पहले शुभ और अशुभ मुहूर्त...

More Articles Like This