रूस का यूक्रेन के रिहायशी इलाकों पर भीषण हमला, बच्चों समेत नौ घायल, इमारतें, रेलवे ढांचा भी क्षतिग्रस्त

Must Read

Kyiv: रूस ने यूक्रेन के कई रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भीषण हमला किया है. 29 मिसाइलें और लगभग 400 ड्रोन दागे. हमलों में बच्चों समेत नौ लोग घायल हुए हैं. यह दावा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने किया है. ज़ेलेंस्की ने इसे भीषण और सुनियोजित हमला बताया है. हालांकि जेलेंस्की के अनुसार यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने 29 में से 25 मिसाइलों को मार गिराया. जिसे उन्होंने एक बड़ी सफलता बताया.

प्रारूप शुरू होने के दिन ही हमला

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि जिनेवा में नए कूटनीतिक प्रारूप शुरू होने के दिन ही हमला करना रूस की असल मंशा को उजागर करता है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है और युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते को तैयार है लेकिन रूस का व्यवहार इसके विपरीत है.

मजबूती से उठाए इस हमले का मुद्दा

उन्होंने यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल से आग्रह किया कि वह जिनेवा में अमेरिकी प्रतिनिधियों के सामने इस हमले का मुद्दा मजबूती से उठाए, खासकर तब जब अमेरिका ने दोनों पक्षों से हमले रोकने का प्रस्ताव रखा था. इस बीच रूस के हमलों से ओडेसा शहर में हालात और बिगड़ गए हैं. ड्रोन हमलों के कारण हजारों लोग पानी और हीटिंग सप्लाई से वंचित हो गए हैं.

रिहायशी इमारतें और रेलवे ढांचा भी क्षतिग्रस्त

करीब 10 से अधिक रिहायशी इमारतें और रेलवे ढांचा भी क्षतिग्रस्त हुआ है. जेलेंस्की ने कहा कि कुल 12 यूक्रेनी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया और यह हमला खास तौर पर देश के ऊर्जा ढांचे को तबाह करने के उद्देश्य से किया गया. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से अपील की कि रूस पर प्रतिबंधों का दबाव बढ़ाया जाए और यूक्रेन की वायु रक्षा को तत्काल मजबूत किया जाए.

युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों का हिस्सा

यूक्रेन-रूस युद्ध फरवरी 2022 से जारी है और जिनेवा में चल रही यह वार्ता अमेरिका की मध्यस्थता में युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों का हिस्सा है. लेकिन इस ताजा हमले ने एक बार फिर शांति प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इसे भी पढ़ें. Uttarakhand: देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर को कराया गया खाली

Latest News

अमेरिका-सऊदी के बीच परमाणु समझौता, शांति वार्ता में क्या है सबसे बड़ा विवाद

US Saudi Arabia nuclear deal: अमेरिका और सऊदी अरब के बीच न्यूक्लियर डील हो चुकी है, जिसके तहत अब...

More Articles Like This