Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में छठे दिन भी जंग जारी है. रात को इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान में कई जगहों पर भीषण हमले किए. सबसे बड़ा हमला तेहरान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के हेडक्वार्टर पर किया गया है. इजरायल की तरफ से कहा गया है कि उनकी एयरफोर्स ने बेहद सटीक इंटेलीजेंस के आधार पर पूर्वी तेहरान में एक बड़े आर्मी कंपाउंड को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया है. ये कंपाउंड ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का था.
विमानों ने 250 से ज्यादा बम गिराए गए
इजरायली सेना ने जानकारी दी है कि उसने 100 से अधिक लड़ाकू विमानों के साथ पूर्वी तेहरान में एक व्यापक हमला किया है. इन विमानों ने 250 से ज्यादा बम गिराए हैं. इजरायल की तरफ से कहा गया है कि इस आर्मी कंपाउंड में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के साथ-साथ दूसरी ईरानी सुरक्षा एजेंसियों के हेडक्वार्टर भी थे. इजरायल ने ईरान के इंटेलीजेंस हेडक्वार्टर, आंतरिक सुरक्षा बल और ईरान की साइबर वॉर यूनिट पर भी हमला करने का दावा किया है. इस हमले के बाद तेहरान में कई जगहों पर धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं और कुछ जगहों पर भीषण आग लग गई है.
लैकड़ों डिफेंस सिस्टम और बैलिस्टिक मिसाइल नष्ट
इजरायल के अनुसार, उसने ईरान पर अपने हमलों के दौरान लगभग 300 डिफेंस सिस्टम और बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर दिया है. इजरायली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ़्रिन ने कहा कि IDF ने पूर्वी तेहरान में एक रिवोल्यूशनरी गार्ड कंपाउंड पर हमला किया. साथ ही ईरानी न्यूक्लियर प्लांट के अंदर की साइट्स पर भी हमला करने का दावा किया है.
दूसरी तरफ लेबनान में इजरायल ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं. राजधानी बेरूत, टायर और दक्षिणी लेबनान में कई ठिकानों को हवाई हमला कर तबाह कर दिया गया है. दक्षिणी लेबनान के सीमा से सटे इलाकों में IDF के सैनिक तैनात किए गए हैं. जानकारी के अनुसार, लेबनान में अबतक 70 लोगों की मौत हो चुकी है और 400 से अधिक लोग घायल हैं.

