LPG Price Hike: मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है. ताजा जानकारी के मुताबिक 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई दरों के अनुसार अब दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपये में मिलेगा, जबकि इससे पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी.
कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़े
घरेलू सिलेंडर के साथ-साथ 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है. इसमें 115 रुपये की वृद्धि की गई है. नई कीमत के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये में मिलेगा, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये तय की गई है. नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं.
रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने सभी एलपीजी रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. इसमें सरकारी और निजी दोनों कंपनियां शामिल हैं. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो और उपभोक्ताओं को किसी तरह की कमी का सामना न करना पड़े.
ऊर्जा संकट से सरकार का इनकार
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत में फिलहाल ऊर्जा संकट जैसी स्थिति नहीं है. उन्होंने बताया कि मिडिल ईस्ट में अस्थिरता जरूर है, लेकिन देश के पास पर्याप्त ऊर्जा भंडार मौजूद है. साथ ही संभावित आपूर्ति बाधाओं से निपटने के लिए सरकार लगातार निगरानी कर रही है.
देश में पर्याप्त गैस रिजर्व
सरकारी सूत्रों के अनुसार भारत के पास फिलहाल गैस और पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है. तेल कंपनियां आपूर्ति बनाए रखने के लिए खाड़ी क्षेत्र के अलावा अन्य देशों से भी आयात के विकल्प तलाश रही हैं, ताकि सप्लाई चेन पर असर न पड़े.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बढ़ी चिंता
ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है. यह समुद्री मार्ग दुनिया में कच्चे तेल की सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यहां से सप्लाई बाधित होती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है.
सरकार ने कहा है कि वैश्विक हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

