Aaj Ka Mausam: मार्च में मानसून जैसा मौसम, मैदानों में ओले और पहाड़ों पर बर्फबारी, पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Aaj Ka Mausam: पिछले कुछ दिनों से देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था, वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी मार्च के बीच में ही पंखे और एसी चलने लगे थे. लेकिन अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है. उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मिली राहत

रविवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया. बारिश के बाद दिल्ली के अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है और कई इलाकों में AQI 100 से नीचे पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे, जिससे तेज धूप से राहत मिलेगी. वहीं 18 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके कारण हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चल सकती हैं.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए कई जगहों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.

उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 और 20 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल सकता है.

मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश में हाल ही में लू जैसे हालात देखने को मिले थे, लेकिन अब मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. राज्य के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों जैसे सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, पन्ना और सिंगरौली में हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है.

ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बादलों की वजह से धूप की तीव्रता कम रह सकती है. वहीं नर्मदापुरम, जो हाल ही में राज्य का सबसे गर्म शहर रहा था, वहां तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.

बिहार और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश

बिहार में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है. मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें से 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

पटना समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार यह सिलसिला 20 मार्च तक जारी रह सकता है. वहीं झारखंड के पलामू और गढ़वा जैसे इलाकों में भी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

हरियाणा में ओलों से बदला मौसम

हरियाणा के गुरुग्राम और रेवाड़ी में रविवार को ओले गिरने से मौसम अचानक ठंडा हो गया. अंबाला, हिसार और रोहतक में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि 18 से 20 मार्च के बीच हरियाणा में एक बार फिर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे फिलहाल गर्मी से राहत बनी रहेगी.

अचानक क्यों बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में इस समय पश्चिमी जेट स्ट्रीम काफी सक्रिय है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से वातावरण में अस्थिरता पैदा हो रही है. यही कारण है कि कई राज्यों में अचानक बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है.

आईएमडी ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी या बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. बदलते मौसम में सेहत का भी विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि तापमान में अचानक गिरावट सर्दी-जुकाम का कारण बन सकती है.

Latest News

जहाजों को एस्कॉर्ट करने पर जापान ने खोले पत्ते, ट्रंप का साथ देने से तकाइची ने किया इंकार

Strait of Hormuz : मिडिल ईस्‍ट में हमले को लेकर जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने संसद में कहा...

More Articles Like This