West Bengal Crime: चुनावी लहर के बीच पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है. यहां विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, लेकिन उससे पहले ही दक्षिण 24 परगना जिले से सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां 84 देसी बम बरामद हुए हैं. तलाशी अभियान के दौरान एक तालाब से राइफल भी बरामद की गई है.
जाने क्या है पूरा मामला?
पश्चिम बंगाल पुलिस ने चुनाव सुरक्षा के तहत चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान दक्षिण 24 परगना में बड़ी संख्या में देसी बम और राइफल बरामद की है. बड़ी संख्या में कच्चे बम मिलने से हड़कंप मच गया है.
बरामदगी में बमों की संख्या 84 है और एक राइफल है. बरामदगी के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और बिजयगंज बाजार पुलिस स्टेशन ने जांच शुरू कर दी है.
पश्चिम बंगाल में कब हैं चुनाव?
मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं. यहां 23 और 29 अप्रैल को मतदान होंगे और 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे.
ये चुनाव पिछले विधानसभा चुनावों से अलग है. वर्ष 2021 में वोटिंग 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में हुई थी. इस बार चरणों की संख्या कम है और केवल दो चरणों में चुनाव हो रहा है.
ये चुनाव इसलिए भी अहम है, क्योंकि पश्चिम बंगाल में कुल वोटरों की संख्या पिछले चुनावों के मुकाबले कम हुई है. राज्य में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची से करीब 63 लाख 66 हजार वोटरों के नाम हटाए गए हैं. लगभग 60.6 लाख वोटरों के नाम अभी भी जांच के दायरे में हैं.
टीएमसी एक बार फिर ममता बनर्जी के नाम पर चुनावी मैदान में है. ममता वर्ष 2011 से राज्य की सीएम हैं. वहीं, भाजपा ने अभी सीएम कैंडिडेट की घोषणा नहीं की है. यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी और टीएमसी के बीच में बताया जा रहा है.

