Pakistan News: एक बार फिर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई संस्थापक इमरान खान की पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान (पिम्स) में आंखों की सर्जरी की गई है. अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक, उन्हें चौथा इंट्राविट्रियल एंटी-वीईजीएफ इंजेक्शन दिया गया. इसके बाद उनको मंगलवार सुबह पिम्स अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. इमरान खान पिछले कुछ समय से आंख की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं.
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि 74 वर्षीय इमरान खान को 28 अप्रैल को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर ने जांच के बाद उनकी हालत को स्थिर बताया और फिर ऑपरेशन थिएटर में जरूरी प्रक्रियाओं के बाद उन्हें चौथा इंजेक्शन दिया गया. इमरान खान की दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्युप्यूजन यानी सीआरवीओ नाम की बीमारी है, जिसका पता इस साल जनवरी के अंत में चला था.
इमरान खान को इससे पहले 24 जनवरी को पहला इंजेक्शन लगाया गया था. इसके बाद 24 फरवरी को उन्हें दूसरी खुराक दी गई और 23 मार्च को तीसरा इंजेक्शन लगाया गया. डॉक्टरों ने बताया कि उनके ताजा टेस्ट में सुधार देखा गया है. यह प्रक्रिया एक डे केयर सर्जरी की तरह थी, जिसके बाद उन्हें जरूरी सुझावों के साथ अस्पताल से छुट्टी दी गई.
क्या बोले पीटीआई के अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान?
पीटीआई के अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान ने सोशल मीडिया पर इमरान खान के अस्पताल जाने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि इमरान खान को रात में इंजेक्शन और मेडिकल चेकअप के लिए पिम्स ले जाया गया था. हालांकि, उन्होंने सरकार के रवैये पर सवाल भी उठाए हैं.
बैरिस्टर गोहर अली खान ने कहा, ‘इलाज जो भी हो लेकिन हमारी चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं. इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को किसी ऐसे अस्पताल में शिफ्ट किया जाना चाहिए, जहां उनके निजी डॉक्टरों और परिवार की देखरेख में इलाज हो सके. यह उनका मौलिक अधिकार है और हम लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं.’
विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री को इलाज के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट किया जाए. पीटीआई का आरोप है कि सरकार इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर पारदर्शिता नहीं बरत रही है और उनके निजी डॉक्टरों को उन तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है. सरकार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
मालूम हो कि इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी इस समय रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं. जेल अधिकारियों के मुताबिक, 17 अप्रैल को बुशरा बीबी की भी रावलपिंडी के एक अस्पताल में आंख की सर्जरी हुई थी. फिलहाल दोनों की सेहत पर डॉक्टरों की टीम नजर रख रही है.

