West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है. 11 बजे तक 39.97% वोटिंग हुई है. इसी बीच पानिहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला करने की कोशिश की और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.
अंजाम भुगतने की चेतावनी
उन्होंने कहा कि उन्हें उनकी बेटी के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाकर धमकाया गया और 4 मई को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई. रत्ना देबनाथ के अनुसार, उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से जाने को कहा और उनके मुख्य चुनाव एजेंट को साथ रहने की अनुमति भी नहीं दी. बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद टीएमसी कार्यकर्ताओं को हटाया.
संबंधित बूथ पर दोबारा मतदान
राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा है कि अगर कहीं भी किसी बटन को दबाने में गड़बड़ी या शिकायत सामने आती है, तो उसकी जांच की जाएगी. यदि शिकायत सही पाई गई, तो संबंधित बूथ पर दोबारा मतदान कराया जाएगा. दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में चुनाव पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा स्थिति का जायजा लेते नजर आए. वहीं, तेहट्टा में पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में मदद करते दिखे.
करीब 18.39 प्रतिशत मतदान दर्ज
सुबह 9 बजे तक इस चरण में करीब 18.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान आज कोलकाता की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट, भवानीपुर में एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जो अमूमन मतदान के दिन सुबह अपने आवास पर रहकर ही पूरी प्रक्रिया पर नजर रखती थीं, आज सुबह 7.00 बजे ही सड़क पर उतर पड़ीं. राज्य की राजनीति में यह पहली बार देखा जा रहा है कि ममता बनर्जी सुबह-सुबह खुद बूथों का जायजा लेने के लिए क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं.
प्रत्याशी के रूप में निकली हैं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी का यह रूप राजनीतिक जानकारों के लिए भी चौंकाने वाला है. पिछले 15 वर्षों के उनके मुख्यमंत्री काल और उससे पहले लंबे समय तक विपक्ष में रहने के दौरान भी उन्हें मतदान के दिन सुबह-सुबह इस तरह सक्रिय नहीं देखा गया था. अमूमन वह दोपहर में भवानीपुर के ‘मित्र इंस्टीट्यूशन’ में अपना वोट डालने निकलती थीं. लेकिन आज सड़क पर निकलते समय उन्होंने कहा कि वह एक मुख्यमंत्री के बजाय भवानीपुर की तृणमूल प्रत्याशी के रूप में निकली हैं और लगातार एक बूथ से दूसरे बूथ का दौरा कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें. West Bengal Election 2026: बंगाल में 11 बजे तक 39.97% मतदान, बूथों पर लगी लंबी कतारें, ममता बनर्जी पर धमकाने का आरोप

