Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों ईरान युद्ध को खत्म कराने में इस कदर व्यस्त है कि उन्हें अपने बेटे की बारात में भी शामिल होने की फुर्सत नहीं है. इसी बीच ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर शादी में गया तो मीडिया मुझे मारेगा, और अगर नहीं गया तब भी मारेगा. यानी हाल कुछ ऐसा है कि बेटे की बारात भी संभालो और खुद के शुरू किए गए युद्ध को भी.
ट्रंप ने क्या कहा है?
ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि वह अपने बड़े बेटे की शादी में जाने की कोशिश करेंगे, लेकिन ईरान युद्ध की वजह से समय सही नहीं है. दरअसल, अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, 48 साल के डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस वीकेंड दूसरी बार बेटीना एंडरसन से बहामास में शादी करने जा रहे हैं. लेकिन इसी समय ट्रंप ईरान के साथ चल रहे अपने अलोकप्रिय युद्ध को खत्म करने के लिए समझौते पर काम कर रहे हैं. बता दें कि इस युद्ध की वजह से उनकी लोकप्रियता कम हुई है और नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले महंगाई और खर्चों को लेकर वोटरों में नाराजगी बढ़ी है.
बेटे की शादी में जाने को लेकर किए गए पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि “वह चाहते हैं कि मैं जाऊं. यह एक छोटा और प्राइवेट प्रोग्राम होगा और मैं वहां पहुंचने की कोशिश करूंगा.” उन्होंने कहा कि “मैंने उससे कहा कि मेरे लिए यह सही समय नहीं है. मेरे पास ईरान जैसी चीज है और भी कई काम हैं. उन्हें पता है कि यदि वह युद्ध के बीच शादी में जाते हैं तो मीडिया इसे कैसे दिखाएगा. उन्होंने मजाक में कहा कि “यह ऐसी चीज है जिसमें मैं जीत नहीं सकता. अगर मैं शादी में जाता हूं तो मुझे बुरा कहा जाएगा. अगर नहीं जाता हूं तो भी मुझे बुरा कहा जाएगा- फेक न्यूज की तरफ से. उम्मीद है उसकी शादी बहुत अच्छे से होगी.”
कौन हैं ट्रंप के बेटे
बता दें कि “डॉन जूनियर” के नाम से मशहूर डोनाल्ड ट्रंप जूनियर परिवार की लग्जरी रियल एस्टेट कंपनी ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं. वह अपने पिता के दक्षिणपंथी MAGA राजनीतिक एजेंडे के बड़े समर्थक भी माने जाते हैं. वह अक्सर अपने पिता के साथ दिखाई देते हैं. इसी महीने की शुरुआत में भी दोनों फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के मार-ए-लागो रिजॉर्ट से साथ में व्हाइट हाउस लौटे थे.

