Barabanki Accident: यूपी के बाराबंकी से सड़क हादसा की खबर सामने आई है. यह हादसा मंगलवार को तड़के सुलतानपुर-लखनऊ हाईवे पर भिखरा गांव के पास हुआ. बताया गया है कि तेज रफ्तार एक इनोवा कार ट्रेलर से टकरा गई. इस हादसे में चार लोगों की जहां मौत हो गई, वहीं तीन की हालत गंभीर बनी हुई है.
दर्शन के लिए कैंची धाम जा रहे थे कार सवार
मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार सात लोग कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान सुलतानपुर-लखनऊ हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव स्थित एक ढाबे के सामने तड़के करीब 3:00 बजे सुलतानपुर से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
घटना की जानकारी होते ही लोग मौक पर पहुंच गए. पुलिस को सूचना देने के बाद लोग बचाव कार्य में जुट गए. कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई. लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद वाहन फंसे लोगों को बाहर निकाला.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान मुगलसराय, चंदौली निवासी राहुल कुमार पुत्र संजय कुमार, गैबीपुर गाजीपुर निवासी राहुल सिंह पुत्र अजय प्रताप, रामपुर रसड़ा बलिया निवासी सत्यम सिंह पुत्र स्व. तेज प्रताप सिंह और गाजीपुर निवासी सूरज यादव के के रूप में हुई.
घायलों में ये लोग हैं शामिल
वहीं, चुनार मिर्जापुर निवासी पंकज पुत्र रमेश सिंह, बेला बलिया निवासी प्रशांत पुत्र अवध बिहारी और चुनार मिर्जापुर निवासी चंदन सिंह पुत्र दशरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को देकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है. पुलिस ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही. कार में शराब की बोतल और नमकीन मिला है. इससे आशंका जताई जा रही है कि युवकों ने शराब का सेवन किया था. फिलहांल, पुलिस घटना की जांच में जुटी हैं.

