Qatar Blast: रविवार देर रात कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में गैस प्लांट में एक भीषण धमाका हुआ. जिसमें 12 भारतीय समेत 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे की पुष्टि भारतीय दूतावास ने की है. इसके साथ ही पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.
भारतीय दूतावास ने की पुष्टि
कतर के दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, ”रविवार रात हुए रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है. हम इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं.’’
Embassy of India Doha, Qatar tweets, “Qatari authorities have confirmed that 12 Indian nationals have unfortunately passed away in the Ras Laffan incident yesterday night. We extend our deepest condolences to the bereaved families and prayers for the departed souls. Qatari… pic.twitter.com/g4pbvmgixz
— ANI (@ANI) June 22, 2026
मृतकों के शव जल्द से जल्द भारत भेजे जाएं Qatar Blast
भारतीय दूतावास ने पोस्ट में आगे लिखा है, ‘धमाके में घायल लोगों का उचित इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर है. भारतीय दूतावास इस घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने के लिए कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. इसमें यह सुनिश्चित करना भी शामिल है कि मृतकों के शव जल्द से जल्द भारत भेजे जाएं.’
कतर के गृह मंत्रालय ने दिया बयान
कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी ने कहा कि इस हादसे में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के 13 लोगों ने अपनी जां गवा दी है. इसके अलावा कतर के गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि रास लाफान औद्योगिक शहर में 21 जून की शाम बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में काम के दौरान आई टेक्निकल खराबी के कारण ये धमाका हुआ. उसके बाद लगी आग में 13 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 66 लोग घायल हो गए. गृह मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा अधिकारियों ने रास लाफान में आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया.
विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख
इस हादसे पर भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दुख जताया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना ज़ाहिर की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कतर के रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए धमाके में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की मौत और घायल होने से बहुत दुख हुआ. जैसे-जैसे और जानकारी सामने आ रही है, हमारा दूतावास कतर के अधिकारियों के संपर्क में है और इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों की मदद करने की कोशिश कर रही है. हमारी प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं.”

