Weather Update: अगले 8 घंटे भारी, 18 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने लोगों को किया सतर्क

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 8 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. मध्य भारत, उत्तर भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.

18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने जिन राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्य शामिल हैं.

दिल्ली-एनसीआर में आज तेज बारिश की संभावना

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बारिश के चलते अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं कई निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन सकती है. उत्तर प्रदेश में मेरठ, शामली, आगरा, प्रयागराज और मिर्जापुर समेत कई जिलों में 27 जुलाई तक रुक-रुककर भारी बारिश होने का अनुमान है.

बिहार में बाढ़ जैसे हालात की आशंका

बिहार के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.

हरियाणा के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसूनी ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है. वहीं हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण विकसित हुआ है. इसी सिस्टम के प्रभाव से कई राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है.

मछुआरों और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए 22 से 25 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.

पहाड़ी राज्यों में रेड अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुंछ, राजौरी और जम्मू में 24 जुलाई तक तेज बारिश की संभावना है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी और उत्तरकाशी में भी 27 जुलाई तक लगातार बारिश का अनुमान है. लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है.

जान लें अपने शहर का हाल: 

शहरअधिकतम तापमान (22 जुलाई)न्यूनतम तापमान (22 जुलाई)
दिल्ली32°C28°C
मुंबई27°C27°C
चेन्नई35°C28°C
कोलकाता28°C27°C
लखनऊ33°C28°C
पटना32°C27°C
रांची25°C23°C
भोपाल27°C24°C
जयपुर29°C26°C
शिमला23°C20°C
नैनीताल25°C21°C

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न जाएं और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें. लगातार बारिश वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

Latest News

अंडमान-निकोबार आइलैंड: टूरिज्म फेस्टिवल की तैयारी शुरू, LG डॉ. दिनेश शर्मा ने की समीक्षा, मनाई वाल्मीकि जयंती

श्री विजया पुरम: अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा प्रशासनिक कार्यों, पर्यटन संवर्धन और सांस्कृतिक आयोजनों...

More Articles Like This