Kaushambi Firecracker Factory Explosion: बीते सोमवार की दोपहर यूपी के कौशाम्बी में पिपरी थाना क्षेत्र के चिल्ला शाहबाजी गांव में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के दौरान आग लगने के बाद कई भीषण विस्फोट हुए थे. इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी हैं. मृतकों में 10 बच्चे शामिल थे. इसके अलावा चार पुरुष और एक महिला की जान गई. चार मृतक एक ही परिवार के हैं. दो परिवार के तीन-तीन सदस्यों की जान गई. तीन गंभीर घायलों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया है.अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. लापरवाही बरतने पर पिपरी थाना के तत्कालीन प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.

पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 31 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे चिल्ला शाहबाजी गांव में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के कारखाने में विस्फोट हुआ था. इस मामले में पिपरी थाने में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
जांच में सामने आया कि अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण का आरोपी नौशाद अली पुत्र निजामुद्दीन, निवासी महमूदपुर मनौरी, थाना पिपरी पहले भी कार्रवाई की जद में आ चुका था. उसके पटाखा निर्माण/भंडारण संबंधी अनुमति को अनियमितता मिलने पर 4 अप्रैल 2024 को निलंबित कर दिया गया था.
अब तक 15 लोगों की मौत
इसके बाद भी आरोपी के खिलाफ अक्तूबर 2024 में अवैध पटाखा फैक्टरी चलाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया और उसे जेल भेजा गया था. आरोपी के जेल से बाहर आने के बाद भी कथित तौर पर अवैध फैक्ट्री दोबारा संचालित की जा रही थी. 31 अगस्त को इसी दौरान हुए विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो गई.

इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
घटना के दौरान पिपरी थाने की चौकी चायल के प्रभारी रहे अधिकारियों और तत्कालीन थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. निलंबित पुलिसकर्मियों में निरीक्षक शिवचरण राम, उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक विनय सिंह, उपनिरीक्षक अजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक मनीष पाल और उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी शामिल हैं.
मालूम हो कि आज सुबह मुठभेड़ पुलिस की गोली लगने से मुख्य आरोपी नौशाद घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मंझनपुर के जिला अस्पताल ले गई. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.
अब तक इनकी हुई मौत
प्रियांजलि (पांच वर्ष) पुत्री मंजीत कुमार
प्रवीण सिंह (13 वर्ष) पुत्र मंजीत
जाह्नवी (12 वर्ष) पुत्री गया प्रसाद
आदित्य (12 वर्ष) पुत्र गया प्रसाद
रवि (आठ वर्ष) पुत्र गया प्रसाद
ज्ञान सिंह (40 वर्ष) पुत्र हरिमोहन
आदित्य (8 वर्ष) पुत्र अज्ञात
अंजू (23 वर्ष) पत्नी विक्रम सरोज
विक्रम सरोज (35 वर्ष)
अंश (6 वर्ष) पुत्र विक्रम सरोज
नन्हा (04 वर्ष) पुत्र विक्रम सरोज
अन्य का नाम अभी ज्ञात नहीं.

