बैंक कर्मचार‍ियों ने किया देशव्यापी हड़ताल का ऐलान, लंबित मांगों को लेकर आक्रोश में हैं वर्कर्स, सारी सेवाएं होंगी प्रभावित

Must Read

New Delhi: बैंक कर्मचार‍ियों ने लंबी हड़ताल पर जाने का ऐलान कर द‍िया है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. बैंक यूनियनों के मुताबिक, पहली हड़ताल 11 सितंबर 2026 को एक दिन के लिए होगी. इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल की जाएगी. अगर तब भी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है.

पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू

UFBU का दावा है कि उसके साथ देश के 90 फीसदी से ज्यादा बैंकिंग कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन जुड़े हैं. बैंक यूनियनों की सबसे बड़ी मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है. UFBU का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें ज्वाइंट नोट में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था शुरू करने पर सहमति बनी थी. इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना काम के समय में करीब 40 मिनट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव था, ताकि शनिवार की छुट्टी की भरपाई हो सके.

दो साल से ज्यादा समय से फैसला लंबित

यूनियनों के मुताबिक, इस प्रस्ताव को सरकार के पास भेजे जाने के बावजूद दो साल से ज्यादा समय से फैसला लंबित है. हड़ताल का दूसरा बड़ा मुद्दा सरकार की Performance Linked Incentive यानी PLI स्कीम है. UFBU ने सरकार की ओर से लागू किए गए संशोधित PLI ढांचे को वापस लेने की मांग की है. यूनियनों का आरोप है कि मौजूदा व्यवस्था में वरिष्ठ अधिकारियों और दूसरे कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन की व्यवस्था में अंतर है और इसे बिना पर्याप्त द्विपक्षीय बातचीत के लागू किया गया है.

PLI स्कीम में बदलाव पर यूनियनों के साथ बातचीत

यूनियन चाहती हैं कि मौजूदा व्यवस्था को रोका जाए और PLI स्कीम में बदलाव पर बैंक यूनियनों के साथ बातचीत की जाए. UFBU ने केवल पांच दिन की बैंकिंग और PLI को ही मुद्दा नहीं बनाया है. यूनियनों ने लंबित अन्य सेवा और पेंशन से जुड़े मुद्दों के समाधान की भी मांग की है. उनका कहना है कि इन मामलों पर लंबे समय से बातचीत और समाधान की जरूरत है. यूनियनों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से इन सभी मुद्दों पर जल्द बातचीत शुरू करने की अपील की है. अगर बातचीत से समाधान नहीं निकलता है तो सितंबर की हड़ताल के बाद आंदोलन को और तेज करने की रणनीति बनाई गई है.

11 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित

अगर तय कार्यक्रम के मुताबिक हड़ताल होती है तो 11 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिन बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. चूंकि 26 और 27 सितंबर शनिवार-रविवार हैं, इसलिए सितंबर के आखिर में कई जगह बैंक शाखाओं का कामकाज लगातार पांच दिनों तक प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है. हालांकि UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है, लेकिन शाखा से जुड़े काम, चेक प्रोसेसिंग और अन्य ऑफलाइन सेवाओं पर असर पड़ सकता है.

इसे भी पढ़ें. यूक्रेन पर रूस का हमला: जेलेंस्की बोले- मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल

Latest News

अभिमान छोड़ कृतज्ञता अपनाएं, जीवन में हमेशा बनी रहेगी प्रसन्नता- दिव्य मोरारी बापू

Puskar/Rajasthan: परम पूज्य संत श्री दिव्य मोरारी बापू ने कहा, एक पढ़े-लिखे बाबू नाव द्वारा नदी पार कर रहे थे।...

More Articles Like This