Goa Ujjwala Yojana 2026: हर साल 3 LPG सिलेंडर का खर्च उठाएगी सरकार, खाते में आएंगे 3000 रुपये, जानें कैसे करें आवेदन

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Goa Ujjwala Yojana 2026: महंगाई के बीच रसोई गैस के खर्च से राहत देने के लिए गोवा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पात्र परिवारों को हर साल तीन घरेलू LPG सिलेंडरों के खर्च के लिए 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. राज्य सरकार ने आधिकारिक तौर पर ‘गोवा उज्ज्वला योजना 2026’ को हरी झंडी दे दी है. खास बात यह है कि योजना सिर्फ LPG उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि घरेलू PNG कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले पात्र परिवार भी इसका लाभ ले सकेंगे.

यह योजना मुख्यमंत्री द्वारा 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे का हिस्सा थी. उस समय सरकार की ओर से लोगों को हर साल तीन LPG सिलेंडर मुफ्त देने का भरोसा दिलाया गया था. अब सरकार सिलेंडर अलग से उपलब्ध कराने के बजाय तीन सिलेंडरों या PNG के खर्च के बराबर सालाना 3,000 रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी.

9 सितंबर से खाते में आने लगेंगे पैसे

योजना के पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 9 सितंबर से 3,000 रुपये की सालाना सहायता पहुंचनी शुरू हो जाएगी. इस रकम का उद्देश्य परिवारों के सालभर के तीन घरेलू LPG सिलेंडरों का खर्च उठाना है. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि जिन निवासियों की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और जो सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर देंगे, उनके बैंक खातों में यह रकम मिलनी शुरू हो जाएगी. यानी योजना के तहत लाभार्थियों को तीन अलग-अलग सिलेंडर उपलब्ध कराने के बजाय सरकार सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता देगी.

Goa Ujjwala Yojana 2026 के लिए कैसे करें आवेदन?

गोवा सरकार ने मुफ्त LPG/PNG योजना के लिए फिलहाल ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया रखी है. आवेदन करने के लिए पात्र लोगों को अपने नजदीकी ग्राम पंचायत कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय या अपने क्षेत्र के स्थानीय विधायक के कार्यालय जाना होगा.

वहां से योजना का आधिकारिक आवेदन फॉर्म मुफ्त में प्राप्त किया जा सकता है. फॉर्म मिलने के बाद इसमें आवेदक का नाम, आधार नंबर, गैस कंज्यूमर नंबर, गैस एजेंसी का नाम और उस बैंक खाते की जानकारी भरनी होगी, जिसमें 3,000 रुपये की सहायता प्राप्त करनी है.

आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

आवेदन के साथ गैस या PNG कनेक्शन की कॉपी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और वोटर आईडी यानी EPIC Card की फोटोकॉपी तैयार रखनी होगी. सभी जानकारियां भरने के बाद जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी आवेदन फॉर्म के साथ लगाकर उसे संबंधित पंचायत या नगर पालिका कार्यालय के काउंटर पर जमा करना होगा. आवेदन जमा करने के बाद Acknowledgment Slip लेना भी जरूरी है.

योजना के लिए कोई Income Limit नहीं

इस योजना की एक खास बात यह है कि इसके लिए कोई इनकम लिमिट निर्धारित नहीं की गई है. यानी सामान्य और ओपन कैटेगरी के परिवार भी योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों को भी इस योजना से बाहर नहीं रखा गया है. पात्रता की शर्तें पूरी करने पर वे भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.

PNG कनेक्शन वाले परिवारों को भी मिलेगा लाभ

गोवा उज्ज्वला योजना का लाभ केवल LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले परिवारों तक सीमित नहीं है. घरेलू Piped Natural Gas (PNG) कनेक्शन वाले परिवारों को भी सालाना 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिल सकेगी. हालांकि, एक परिवार में एक से ज्यादा गैस कनेक्शन होने पर भी योजना का लाभ केवल एक गैस कनेक्शन पर दिया जाएगा. इस तरह पात्र परिवार को साल में तीन घरेलू LPG सिलेंडरों या PNG पर होने वाले खर्च के लिए कुल 3,000 रुपये की सहायता मिलेगी.

Latest News

Lucky Plants: खुद का मकान लेने का है सपना, तो घर में जरूर रखें ये पौधा

Lucky Plants For Home: किराए के मकान में रहने वाले लोगों का अक्सर अपना घर खरीदने का सपना होता...

More Articles Like This