Sagar Poisonous Liquor: मध्य प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है. यहां सागर जिले के बंडा में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कालेज (बीएमसी) रेफर किया गया है. आशंका जताई जा रही है कि जहरीली शराब पीने से घटना हुई है. हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही हो सकेगी.

अचानक बिगड़ी लोगों की तबियत
मिली जानकारी के मुताबिक, रात में एक दर्जन से अधिक लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान 12 लोगों की मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बंडा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. गंभीर हालत में कई मरीजों को इलाज के लिए बीएमसी सागर भेजा गया है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
अस्पताल पहुंचे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कराई. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल, प्रशासन और पुलिस घटना की जांच में जुटी है. उधर, घटना से मृतकों के घर कोहराम मचा है.

मदिरा की छह दुकानें सील
इस घटना को लेकर अधिकारियों ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. प्रथम दृष्टया एहतियातन क्षेत्र की 6 मदिरा दुकानों को सील किया गया है और तत्काल सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार के लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं. जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

