Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. सितंबर के आखिरी दिनों में कीमती धातुओं के दाम में आई इस गिरावट ने निवेशकों और सर्राफा बाजार पर नजर रखने वालों का ध्यान खींचा है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, सोमवार 28 सितंबर को 24 कैरेट सोने के दाम में 4,133 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद इसकी कीमत करीब 1.48 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गई. वहीं, चांदी भी 9,297 रुपये टूटकर 2.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई.
आज सोने की कीमत
आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,47,980 रुपये प्रति 10 ग्राम है. वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 1,35,550 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने का भाव 1,10,985 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है.
शहरवार सोने की कीमत
| शहर | 24 कैरेट सोना प्रति ग्राम | 22 कैरेट सोना प्रति ग्राम |
|---|---|---|
| दिल्ली | 15,031 रुपये | 13,779 रुपये |
| मुंबई | 15,016 रुपये | 13,764 रुपये |
| कोलकाता | 15,016 रुपये | 13,764 रुपये |
| चेन्नई | 14,908 रुपये | 13,665 रुपये |
| बेंगलुरु | 15,016 रुपये | 13,764 रुपये |
| हैदराबाद | 15,016 रुपये | 13,764 रुपये |
| केरल | 15,016 रुपये | 13,764 रुपये |
| पुणे | 15,016 रुपये | 13,764 रुपये |
| वडोदरा | 15,021 रुपये | 13,769 रुपये |
डॉलर मजबूत होने से सोने-चांदी पर दबाव
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने बताया कि सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह मजबूत डॉलर रही. डॉलर में मजबूती आने से कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला. गर्ग के मुताबिक, सोमवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 4 फीसदी बढ़कर 108.53 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई. इसके पीछे ईरान से जुड़े तनाव और होर्मुज स्ट्रेट के जरिए ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंताओं को वजह बताया गया.
सितंबर में कितना सस्ता हुआ सोना और चांदी?
सितंबर महीने में अब तक सोने और चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. 31 अगस्त को 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर करीब 1.48 लाख रुपये रह गया है. यानी सितंबर में सोने की कीमत में करीब 8 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है. इसी तरह 31 अगस्त को चांदी की कीमत करीब 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अब घटकर 2.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई है. इस तरह चांदी भी करीब 14 हजार रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है.
ब्याज दरों और वैश्विक हालात का भी असर
सोने की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की स्थिति और ब्याज दरों से जुड़े फैसलों का भी असर पड़ता है. ब्याज दरों में बदलाव होने पर निवेशकों के बीच बॉन्ड और अन्य ब्याज आधारित निवेश विकल्पों का आकर्षण बदल सकता है, जिसका असर सोने की मांग और कीमतों पर पड़ता है. वहीं, अमेरिका-ईरान तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सोने को सुरक्षित निवेश के तौर पर मिलने वाली मांग भी कीमतों को प्रभावित कर सकती है. ऐसे में आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ डॉलर की चाल, ब्याज दरों और भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर सोने-चांदी की कीमतों की दिशा काफी हद तक निर्भर रह सकती है.
यह भी पढ़े: कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच शेयर बाजार की धीमी शुरुआत, जानें सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

