US Military Base Poland: यूरोप में रूस और नाटो के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोलैंड में अमेरिकी सैन्य बेस बनाने के संकेत दिए है. ट्रंप ने कहा है कि उनका प्रशासन इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है और इस दिशा में फैसला पहले ही लिया जा चुका हो, इसकी संभावना से भी उन्होंने इनकार नहीं किया.
पोलैंड में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने की यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब रूस ने कलिनिनग्राद को लेकर नाटो देशों को परमाणु हथियारों के इस्तेमाल तक की चेतावनी दी है. बता दें कि पोलैंड की सीमा रूस के ही इलाके कलिनिनग्राद से लगती है.
मुझे पोलैंड पसंद है-ट्रंप
दरअसल, पोलैंड में अमेरिकी सैन्य बेस बनाने के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि ‘हम इस पर विचार कर रहे हैं और पोलैंड के राष्ट्रपति के लिए हमारे मन में बहुत सम्मान है. इसलिए हम इसे देख रहे हैं और ऐसा हो सकता है.’ वहीं, जब अभी तक अमेरिकी सैन्य बेस बनाने पर अंतिम फैसले को लेकर किए गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि ‘आपको नहीं पता कि मैंने फैसला लिया है या नहीं. हो सकता है मैंने फैसला पहले ही ले लिया हो. मुझे पोलैंड पसंद है.’
कलिनिनग्राद को लेकर रूस की परमाणु चेतावनी
वहीं हाल ही में रूस ने नाटो को कलिनिनग्राद के मुद्दे पर कड़ी चेतावनी दी है. रूस ने कहा है कि अगर नाटो देश कलिनिनग्राद को रूस के बाकी हिस्सों से अलग करने या उसकी नाकेबंदी करने की कोशिश करते हैं, तो रूस अपने पूरे सैन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर सकता है, जिसमें परमाणु हथियार भी शामिल हैं.
बता दें कि कलिनिनग्राद रूस का एक अहम क्षेत्र है, जो बाल्टिक सागर के किनारे पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है. यह रूस के मुख्य भूभाग से अलग है और यहां उसकी महत्वपूर्ण सैन्य मौजूदगी है. इस क्षेत्र को लेकर रूस और नाटो के बीच तनाव बढ़ने से यूरोप की सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी बढ़ी हैं.
यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन पर क्या बोले ट्रंप?
वहीं, यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन और रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान को लेकर किए गए सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि ‘मुझे लगता है कि इसका समाधान निकल जाएगा.’ इराक से अमेरिका की वापसी के बाद अपने सहयोगियों को समर्थन जारी रखने से जुड़े सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने सहयोगियों का साथ नहीं छोड़ेगा.

