Five Indians arrested in Canada: जबरन वसूली के आरोप में कनाडा में भारतीय मूल के पांच लोगों को अरेस्ट किया गया है. पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों पर गोलीबारी, आगजनी, हथियारों की तस्करी और ड्रग्स से जुड़े अपराध शामिल होने का आरोप हैं.
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने शुक्रवार को अपने एक बयान में कहा कि ये गिरफ्तारियां एक ऑटो डीलरशिप की 16 महीने तक चली जांच के बाद की गईं. इस डीलरशिप के सह-मालिकों ने जून 2025 में जबरन वसूली की मांग की शिकायत की थी, जिसके बाद लैंगली और सरे में स्थित डीलरशिप पर आगजनी और गोलीबारी की दो घटनाएं भी हुई थीं.
पुलिस ने इन पांचों आरोपियों को भारतीय नागरिक बताया है. पुलिस के अनुसार, इनमें से एक, 23 वर्षीय संकेत सिंगला भी शामिल है. पुलिस द्वारा कनाडा में एंट्री जांच के दौरान उसे गुरुवार को टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया. अन्य आरोपियों में साहिल (24 वर्ष), सिमरनजीत सिंह (24) और हर्ष (21) (जो सभी ब्रिटिश कोलंबिया के रहने वाले हैं) और जगदीप सिंह (24 वर्ष), (जो ओंटारियो का रहने वाला है) को सरे में गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने क्या आरोप लगाया?
पुलिस ने बताया कि पांचो आरोपी अभी हिरासत में हैं. ब्रिटिश कोलंबिया (बीसी) प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने गुरुवार को पांचों पर जबरन वसूली का आरोप लगाया. कुछ आरोपियों पर हथियारों, आगजनी, विस्फोटकों और कोकीन की तस्करी से जुड़े अतिरिक्त आरोप भी हैं. सीबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सिंगला और सिमरनजीत सिंह ने विस्फोटक से एक वाहन को नुकसान पहुंचाया और संपत्ति को नष्ट करने या नुकसान पहुंचाने के इरादे से ऑटो शॉप में मोलोटोव कॉकटेल फेंका. रिपोर्ट में कहा गया है कि साहिल पर कोकीन की तस्करी और प्रतिबंधित हथियारों के तस्करी के आरोप भी हैं.
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान चार हथियार, गोला-बारूद और मैगजीन के साथ-साथ संदिग्ध फेंटानिल, कोकीन और अफीम भी जब्त की गई. उनके अनुसार, जांच के दौरान जुटाए गए सबूत ब्रिटिश कोलंबिया और अल्बर्टा में जबरन वसूली और हिंसा के अन्य मामलों से भी जुड़े हो सकते हैं.

