US-Iran Tensions: ईरान के खिलाफ जारी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच ओमान की खाड़ी में अमेरिका ने एक कार्गो शिप को निशाना बनाया है. अमेरिकी सेना के अनुसार, पनामा के झंडे वाले इस शिप ने चेतावनी और निर्देशों की अनदेखी की और नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश की थी. इसके बाद अमेरिकी फाइटर जेट ने इस कार्गो शिप पर अटैक कर जहाज के प्रोपल्शन सिस्टम को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया. अमेरिकी सेना ने बताया कि हमले में शिप के क्रू मेंबर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि अमेरिकी फाइटर जेट ने पनामा के झंडे वाले मालवाहक जहाज M/V Ocean Molica जिसे ‘अरिका सन’ के नाम से भी जाना जाता है, के पिछले हिस्से पर हमला किया. इससे जहाज की आगे बढ़ने की क्षमता खत्म हो गई.
CENTCOM के अनुसार, बल्क कैरियर जहाज ईरान के पोर्ट से रवाना होने के बाद क्षेत्रीय समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था. अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले समुद्री यातायात पर नाकेबंदी लागू कर रखी है. इसके तहत अमेरिकी सेना कमर्शियल शिप को चेतावनी और निर्देश जारी करती है. CENTCOM के अनुसार, निर्देशों का पालन करने वाले जहाजों को दूसरे मार्ग पर भेजा जाता है, जबकि आदेशों की अवहेलना करने वाले जहाजों को निष्क्रिय करने के लिए सैन्य कार्रवाई की जा सकती है.
CENTCOM की ओर से 10 अक्टूबर को जारी बयान में यह दावा किया गया था कि नाकेबंदी लागू करने के पिछले तीन महीनों के दौरान चार कमर्शियल जहाजों को निष्क्रिय किया गया और 135 जहाजों को वापस लौटाया गया. इसके अलावा, अमेरिकी सेना ने IRGC के कथित गुप्त समुद्री परिवहन नेटवर्क से जुड़े 10 टैंकरों को नष्ट करने की बात भी कही थी. अमेरिका की इन कार्रवाइयों के बीच क्षेत्र में समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. ओमान की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज इंटरनेशनल एनर्जी सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग हैं.
अमेरिकी सेना की जहाजों के लिए चेतावनी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस इलाके में नाविकों और जहाजों के चालक दल को नाकेबंदी संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है. कमान ने जहाजों को ‘नोटिस टू मेरिनर्स’ प्रसारण पर नजर रखने और ओमान की खाड़ी तथा होर्मुज के आसपास अमेरिकी नौसैनिक कर्मियों के साथ ब्रिज-टू-ब्रिज रेडियो चैनल 16 पर संपर्क बनाए रखने को कहा है.

