नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा को चढ़ाएं यह खास भोग, बरसेगी माता की कृपा, घर में आएगी खुशहाली

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Maa Kushmanda Bhog: नवरात्रि के चौथे दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कूष्मांडा की मंद मुस्कान से ब्रह्मांड की उत्पत्ति हुई थी. यही वजह है कि उन्हें सृष्टि की रचनाकार आदिशक्ति के रूप में पूजा जाता है. मान्यता है कि सच्चे मन और श्रद्धा से मां की आराधना करने वाले भक्तों पर उनकी विशेष कृपा बनी रहती है. इस दिन देवी को प्रिय फूल अर्पित करने के साथ ही भोग लगाने का भी विशेष महत्व है. ऐसे में आइए जानते हैं कि नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा को कौन-सा प्रसाद चढ़ाना चाहिए और भोग लगाते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है…

मां कूष्मांडा का स्वरूप और धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कूष्मांडा की मंद हंसी से ब्रह्मांड की रचना हुई थी. संस्कृत में कूष्मांड शब्द का संबंध कुम्हड़े से भी जोड़ा जाता है. देवी का वाहन सिंह है और उनकी आठ भुजाएं होने के कारण उन्हें अष्टभुजा देवी भी कहा जाता है. मां कूष्मांडा के सात हाथों में कमंडल, धनुष, बाण, कमल, अमृत से भरा कलश, चक्र और गदा सुशोभित हैं. वहीं, आठवें हाथ में जप की माला रहती है.

धार्मिक मान्यता है कि इस माला में सभी सिद्धियों और निधियों का वास है. मां कूष्मांडा को लाल रंग के फूल प्रिय माने जाते हैं. मान्यता है कि उनका निवास सूर्य मंडल के भीतर है और वे सूर्य देव को ऊर्जा तथा दिशा प्रदान करती हैं. भक्त मां की पूजा करके सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं.

नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा को क्या भोग लगाएं?

नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा को मालपुआ और पेठे का भोग लगाने की परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ये दोनों प्रसाद देवी को प्रिय हैं. भक्त अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार इन्हें तैयार करके माता रानी को अर्पित कर सकते हैं.

1. मालपुआ का भोग

मां कूष्मांडा की पूजा में मालपुआ अर्पित करना शुभ माना जाता है. इसे घर पर शुद्ध सामग्री और देसी घी से तैयार किया जा सकता है. भोग लगाते समय साफ-सफाई और सात्विकता का विशेष ध्यान रखें.

2. पेठा चढ़ाने की परंपरा

मालपुआ के अलावा मां कूष्मांडा को पेठे का भोग लगाने की भी मान्यता है. यदि केसर वाला पेठा उपलब्ध हो, तो उसे भी प्रसाद के रूप में अर्पित किया जा सकता है. कुछ धार्मिक परंपराओं में पेठा अर्पित करने की विशेष मान्यता बताई गई है.

3. बताशे का भी लगा सकते हैं भोग

यदि आप मालपुआ या पेठा तैयार नहीं कर पा रहे हैं, तो मां कूष्मांडा को बताशे भी अर्पित कर सकते हैं. पूजा में प्रसाद के साथ भक्तिभाव और श्रद्धा को महत्वपूर्ण माना जाता है.

मां कूष्मांडा को भोग लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान

नवरात्रि के दौरान देवी को प्रसाद चढ़ाते समय शुद्धता और सात्विकता का ध्यान रखना जरूरी माना जाता है. यदि आप घर पर मां कूष्मांडा के लिए भोग तैयार कर रहे हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें.

  • साफ-सफाई रखें: प्रसाद तैयार करने से पहले रसोई और इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को अच्छी तरह साफ कर लें.
  • सात्विक सामग्री का इस्तेमाल करें: पारंपरिक पूजा पद्धति के अनुसार, भोग में लहसुन-प्याज और तामसिक मानी जाने वाली सामग्री का इस्तेमाल न करें.
  • तुलसी के पत्ते न चढ़ाएं: मां दुर्गा की पूजा की कई पारंपरिक विधियों में तुलसी अर्पित करना वर्जित माना जाता है. इसलिए अपनी पारिवारिक पूजा परंपरा का पालन करें.
  • देसी घी से बनाएं मालपुआ: पारंपरिक मान्यता के अनुसार, मालपुआ देसी घी में बनाकर देवी को अर्पित किया जा सकता है.
  • श्रद्धा से अर्पित करें प्रसाद: भोग लगाते समय मन को शांत रखें और मां कूष्मांडा से सुख, शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना करें.

नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा में मालपुआ, पेठा और बताशे का भोग लगाने की परंपरा है. भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार प्रसाद अर्पित करके माता रानी का आशीर्वाद मांगते हैं.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई सामान्य मान्यताओं और ज्योतिष गणनाओं पर आधारित है. The Printlines इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

यी भी पढ़े: मां चन्द्रघंटा की शक्ति से संचालित होता है संपूर्ण संसार: दिव्य मोरारी बापू

Latest News

शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे नागपुर से अरेस्ट, यूपी STF और लखनऊ पुलिस ने बहन के साथ दबोचा

लखनऊः लखनऊ के कैफे ऑनर शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे को लखनऊ पुलिस ने यूपी एसटीएफ...

More Articles Like This