रूस की राजधानी मॉस्को में हो सकता है बड़ा आतंकी हमला, चेतावनी के बीच पुतिन के समर्थन में उतरे ट्रंप

Must Read

New Delhi: रूस की राजधानी मॉस्को में 31 अक्टूबर को एक बड़े आतंकी हमले हो सकते हैं. इस आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. ये चेतावनी खुद रूसी खुफिया एजेंसी के बजाय अमेरिका की इंटेलिजेंस एजेंसी की ओर से शेयर की गई है. अमेरिका के दूतावास ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शहर में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने वाला हमला हो सकता है. ऐसे में रूस को सावधान रहना चाहिए. इस चेतावनी में खास तौर पर मॉस्को के प्रसिद्ध त्सारित्सिनो म्यूजियम रिजर्व का नाम लिया गया है. जिसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.

हमले की तैयारी से जुड़ी जानकारी मिली

अमेरिकी दूतावास की चेतावनी सामने आने के बाद रूस की सुरक्षा एजेंसी FSB (फेडरल सिक्योरिटी सर्विस) ने भी इसकी पुष्टि की है. रूस के सरकारी मीडिया के मुताबिक FSB ने बताया कि उसे अमेरिकी अधिकारियों से मॉस्को में संभावित आतंकी हमले की तैयारी से जुड़ी जानकारी मिली है. एजेंसी ने कहा कि इस सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. अमेरिकी दूतावास ने अपने बयान में कहा कि उसे त्सारित्सिनो म्यूजियम रिजर्व में 31 अक्टूबर को बड़े हमले की खुफिया जानकारी मिली है.

अमेरिकी सरकार रूस के अधिकारियों के संपर्क में

दूतावास ने यह भी बताया कि इस मामले में अमेरिकी सरकार रूस के अधिकारियों के संपर्क में है और उनके साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रही है. दूतावास ने मॉस्को में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है. लोगों से कहा गया है कि वे त्सारित्सिनो म्यूजियम और उसके आसपास के इलाके में जाने से बचें. भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहें, अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. साथ ही लोगों को स्थानीय समाचारों पर लगातार नजर रखने की सलाह भी दी गई है.

मशहूर ऐतिहासिक महल और पार्क परिसर

त्सारित्सिनो मॉस्को के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक मशहूर ऐतिहासिक महल और पार्क परिसर है. यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग घूमने आते हैं. खबरों के मुताबिक खतरे की सूचना मिलने के बाद रूसी अधिकारियों ने इस परिसर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया और पार्क में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी. सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सतर्कता बरत रही हैं.

आतंकी हमले को लेकर पहले भी जारी किया था अलर्ट

इस चेतावनी को इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि मार्च 2024 में अमेरिका ने मॉस्को में संभावित आतंकी हमले को लेकर पहले भी अलर्ट जारी किया था. इसके कुछ दिनों बाद क्रोकस सिटी हॉल में आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें 140 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. हालांकि इस बार की चेतावनी में यह साफ नहीं किया गया है कि हमले के पीछे कौन हो सकता है न ही साजिश से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक की गई है. रूस और अमेरिका दोनों इस खतरे को गंभीरता से लेते हुए हालात पर नजर रखे हुए हैं.

इसे भी पढ़ें. जनता दर्शन: CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, बोले- घबराए नहीं, हर हाल में होगा समाधान

Latest News

ईरान ने रूस से खरीदे Su-35 लड़ाकू विमान, ट्रंप ने की दखलअंदाजी, पुतिन बोले- अभी नहीं होगी डिलीवरी

New Delhi: ईरान और रूस के बीच लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर सालों से चल रही अटकलों पर...

More Articles Like This