अमेरिका में 27000 फीट की ऊंचाई से गिरा विमान, 9 लोगों की गई जान 

Aarti Kushwaha
Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Aarti Kushwaha
Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के पाम बीच काउंटी में 1 नवंबर को बहामास जा रहा लियरजेट 60 विमान अचानक आसमान से नीचे गिरा और सड़क पर जोरदार टक्कर के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद विमान में भयानक आग लग गई और मौके पर विमान आग का बड़ा गोला बन गया. इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई. फिलहाल, जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के मारे जाने की कोई खबर नहीं है.

दरअसल, अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए उड़ान भरी थी. हादसे से कुछ मिनट पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी थी कि विमान पर बर्फ जम रही है. उस समय बाहर का तापमान माइनस 47 डिग्री सेल्सियस था. इसके अलावा विमान तेज हवा के झटकों और मीडियम टर्बुलेंस का सामना कर रहा था. ऐसे में विमान हवा के झटकों के कारण करीब 700 फीट तक ऊपर-नीचे हो रहा था. शुरुआत में उसने कहा कि विमान पर जम रही हल्की बर्फ को संभाला जा सकता है, लेकिन कुछ देर बाद हालात बिगड़ने लगे.

20 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से गिरा विमान

रेडियो बातचीत की रिकॉर्डिंग के मुताबिक, विमान के आसपास बारिश शुरू होने के बाद पायलट ने ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति मांगी. हालांकि इसके तुरंत बाद उसने इमरजेंसी घोषित कर दी. पायलट ने बताया कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है. उसने कहा कि विमान 8000 फीट की ऊंचाई से नीचे आ रहा है और उसकी गिरने की रफ्तार 10000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई है. कुछ ही पलों बाद पायलट ने 20000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आने की जानकारी दी और कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ADS-B Exchange के आंकड़ों के मुताबिक, विमान ने महज एक मिनट में करीब 27000 फीट की ऊंचाई गंवा दी. इसके बाद उसका ट्रैकिंग डेटा मिलना बंद हो गया.

सड़क पर बना गड्ढा, 600 लोगों सुरक्षित निकाला

जानकारी के अनुसार, विमान पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल के पास सड़क पर गिरा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क का हिस्सा धंस गया और वहां बड़ा गड्ढा बन गया. इस दौरान विमान का मलबा आसपास के इलाके में फैल गया. हादसे की वजह से मोबाइल होम पार्क का प्रवेश मार्ग बंद हो गया. इसके अलावा, करीब 600 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा. प्रशासन ने उन्हें दो अस्थायी राहत केंद्रों में पहुंचाया.
वहीं, अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने हादसे को बेहद दुखद बताया. FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इसकी जांच कर रहे हैं. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान पर जमी बर्फ, खराब मौसम या किसी तकनीकी खराबी में से हादसे की असली वजह क्या थी.
Latest News

पंजाब में चुनाव से पहले AAP को बड़ा सियासी झटका, 3 विधायकों ने एक साथ छोड़ा साथ; BJP में हुए शामिल

AAP MLAs Join BJP: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा सियासी नुकसान हुआ है....

More Articles Like This