Donald Trump: अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है. हालांकि, चुनावी नतीजों का असर उनके तेवर पर नजर नहीं आया. ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने अपने रिजोल्यूट डेस्क पर एक लाल रंग की टोपी रखी, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘VETO’ लिखा था. खास बात यह रही कि जिस वक्त यह टोपी चर्चा में आई, उस समय ट्रंप एक आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर कर रहे थे.
ट्रंप के इस अंदाज को डेमोक्रेट्स के बढ़ते विधायी प्रभाव के बीच उनके राष्ट्रपति पद की संवैधानिक शक्तियों के इस्तेमाल के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स की सफलता के बाद अमेरिकी कांग्रेस में सत्ता का समीकरण बदल गया है. ऐसे में आने वाले दिनों में व्हाइट हाउस और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने की संभावना है.
‘जो फैसला पसंद नहीं आया, उस पर वीटो लगा दूंगा’
ओवल ऑफिस में लाल टोपी रखने से पहले Donald Trump ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी इसकी तस्वीर साझा की थी. लाल बेसबॉल कैप पर लिखे ‘VETO’ के जरिए उन्होंने अपने राष्ट्रपति पद के एक अहम संवैधानिक अधिकार की ओर ध्यान खींचा. बाद में फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने वीटो की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि यह अमेरिकी राष्ट्रपति के सबसे प्रभावशाली अधिकारों में से एक है. उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार इस शक्ति का इस्तेमाल किया जा चुका है. ट्रंप ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर डेमोक्रेट्स कोई ऐसा फैसला लाते हैं, जिसे वह गलत या बेतुका मानते हैं, तो वह उस पर वीटो लगा देंगे.
कांग्रेस में डेमोक्रेट्स की बढ़ी ताकत Donald Trump
मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत ने अमेरिकी सत्ता व्यवस्था में नया समीकरण पैदा कर दिया है. पार्टी के दोनों सदनों में नियंत्रण हासिल करने के बाद ट्रंप प्रशासन के फैसलों पर निगरानी और सवाल-जवाब का दायरा बढ़ सकता है.नडेमोक्रेट्स अब कांग्रेस की समितियों के जरिए जांच और सुनवाई कर सकते हैं. इसके अलावा, प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को समन भेजने और सरकारी नीतियों पर जवाब मांगने की उनकी क्षमता भी बढ़ेगी. न्यायिक और कैबिनेट पदों पर होने वाली नियुक्तियों को लेकर भी रिपब्लिकन प्रशासन को विपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ सकता है.नऐसे हालात में ट्रंप के लिए विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना पहले के मुकाबले चुनौतीपूर्ण हो सकता है. वहीं, राष्ट्रपति का वीटो अधिकार कांग्रेस से पारित विधेयकों को कानून बनने से रोकने का एक संवैधानिक माध्यम बना रहेगा.
चुनावी नतीजे ट्रंप के खिलाफ जनता का संदेश- रो खन्ना
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने डेमोक्रेट्स की जीत को ट्रंप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताया. उन्होंने दावा किया कि प्रतिनिधि सभा में पार्टी को 250 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं. खन्ना ने इसकी तुलना 2008 में बराक ओबामा के दौर में डेमोक्रेट्स को मिले बड़े बहुमत से भी की. खन्ना के मुताबिक, चुनाव में मतदाताओं की प्रमुख चिंताओं में महंगाई, रोजमर्रा की जरूरतों का बढ़ता खर्च और जारी युद्ध शामिल रहे. उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स को अब स्वास्थ्य सेवाओं, बच्चों की देखभाल और आम लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े खर्चों को कम करने पर ध्यान देना चाहिए.
मिडटर्म के नतीजों के बाद अब अमेरिकी राजनीति में राष्ट्रपति और कांग्रेस के बीच अधिकारों की खींचतान अहम मुद्दा बन सकती है. ऐसे में ट्रंप की ‘VETO’ वाली लाल टोपी आने वाले राजनीतिक टकराव का एक प्रतीक बनकर चर्चा में है.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में मजदूरों का हिंसक प्रदर्शन, 50 घायल; 200 से अधिक फैक्ट्रियां बंद

