Thomas Markle Senior Arrest: ब्रिटिश से बड़ी खबर सामने आई है. यह खबर शाही परिवार से जुड़ी है. प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल के पिता को शुक्रवार को फ्लोरिडा में गिरफ्तार किया गया है. यह गिरफ्तारी बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री रखने के आरोप में हुई है.
न्यूज एजेंसी द एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के अनुसार, थॉमस मार्कल सीनियर को टाम्पा के बाहर अरेस्ट किया गया. यह जानकारी उन लोगों से मिली है, जिन्हें जांच के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने की अनुमति नहीं थी और जिन्होंने अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर यह बात बताई.
क्या कहा मेघन मार्कल ने?
उनकी गिरफ्तारी ब्रिटिश टैब्लॉइड अखबार द सन की उन खबरों के बाद हुई है, जिनमें बताया गया है कि मेघन के सौतेले भाई को फिलीपींस में उनके पिता का घर साफ करते समय बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी तस्वीरों का एक संग्रह मिला था.
प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल ने हाल ही में कहा कि वह इन आरोपों से बहुत परेशान हैं कि उनके पिता के पुराने घर से बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी तस्वीरों का एक संग्रह मिला है. उन्होंने यह भी बताया कि 2018 में लंदन पुलिस को एक पत्र भेजा गया था, जिसमें उनके पिता के खिलाफ परेशान करने वाले आरोप लगाए गए थे.
मेघन ने उस पत्र के बारे में कहा, “इसमें मेरे पिता के खिलाफ परेशान करने वाले और गंभीर आरोप लगाए गए थे और मुझे भरोसा दिलाया गया था कि इन आरोपों की जांच की जा रही है. मुझे उम्मीद है कि अब यह बात समझी जा सकेगी कि पिछले कुछ वर्षों में मीडिया के कुछ प्रकाशनों द्वारा बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने के बावजूद मेरे पिता से दूरी बनाने और उन्हें अपने बच्चों से मिलने न देने का मेरा फैसला सिर्फ एक वजह से थाः बच्चों की सुरक्षा के लिए.”
मालूम हो कि अमेरिकी नागरिक मेघन ने 2018 में विंडसर कैसल में हैरी से शादी की. उनके दो बच्चे हैं, प्रिंस आर्ची और प्रिंसेस लिलिबेट. उनके पिता टेलीविजन लाइटिंग और फोटोग्राफी थे और अब रिटायर हो चुके हैं. वह मेघन की शादी में शामिल नहीं हुए. इस वजह से ब्रिटिश मीडिया में मेघन और उनके पिता के बीच की दूरियों को लेकर काफी चर्चा हुई.
इस साल की शुरुआत में थॉमस मार्कल सीनियर फिलीपींस में रह रहे थे, तभी उन्हें स्ट्रोक आ गया और उनका बायां पैर काटना पड़ा. इस वजह से उन्हें वापस अमेरिका लौटना पड़ा. द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, थॉमस मार्कल जूनियर को हाल ही में फिलीपींस के सेबू सिटी में अपने पिता के पुराने घर से सामान हटाते समय बक्सों में बच्चों के यौन शोषण की सैकड़ों या शायद हजारों तस्वीरें मिलीं.
मार्कल जूनियर ने अखबार को बताया कि उन्होंने फिलीपींस में पुलिस को इन तस्वीरों के बारे में सूचित किया और एफबीआई से संपर्क किया. मार्कल जूनियर ने द सन से कहा, “मैंने सालों तक उनका साथ दिया, उनकी देखभाल की और उनकी मदद की लेकिन अब यह सब खत्म हो गया है. मैं अपने पिता से अब कभी बात नहीं करूंगा, सिवाय उस स्थिति के जब मुझे उनके खिलाफ गवाही देने के लिए बुलाया जाए.”

