Donald Trump Buffalo: बांग्लादेश में एक दुर्लभ एल्बिनो भैंसा इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है. अपने सुनहरे बालों और अनोखे लुक की वजह से इस भैंसे को लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर ‘डोनाल्ड ट्रंप’ का निकनेम दे दिया. बकरीद यानी ईद उल अजहा पर इस भैंसे की कुर्बानी दी जानी थी, लेकिन आखिरी समय में सरकार के हस्तक्षेप के बाद इसकी जान बचा ली गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दुर्लभ एल्बिनो भैंसा बांग्लादेश में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया था. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो तेजी से वायरल होने लगे, जिसके बाद दूर-दूर से लोग इसे देखने फार्म तक पहुंचने लगे. बढ़ती भीड़ और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए सरकार ने इसकी कुर्बानी पर रोक लगाने का फैसला किया.
700 किलो का है ‘डोनाल्ड ट्रंप’ भैंसा
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार इस भैंसे का वजन करीब 700 किलोग्राम यानी लगभग 1,543 पाउंड बताया गया है. बकरीद के मौके पर इसे पहले ही बेच दिया गया था और इसकी कुर्बानी की तैयारी भी चल रही थी. हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोगों की बढ़ती दिलचस्पी के बाद मामला सरकार तक पहुंच गया. इसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस भैंसे की कुर्बानी रुकवा दी.
क्या बोले बांग्लादेश के मंत्री?
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए भैंसे को कुर्बान न करने और खरीदार को पैसे वापस करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने इस दुर्लभ भैंसे को राजधानी ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेजने का आदेश भी दिया है. गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “सुरक्षा चिंताओं और लोगों की असामान्य रुचि को देखते हुए अंतिम समय में भैंसे को कुर्बानी से बचाने का फैसला लिया गया.” रिपोर्ट के मुताबिक जो मामला शुरुआत में सिर्फ बकरीद की सामान्य खरीदारी का हिस्सा था, वह वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया. लोग इस भैंसे के सुनहरे बाल और शांत स्वभाव को देखने के लिए बड़ी संख्या में फार्म पर पहुंचने लगे.
कैसे पड़ा ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम?
फार्म के मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि इस भैंसे का नाम उनके छोटे भाई ने रखा था. उनका कहना है कि भैंसे का लुक और उसके सिर पर सुनहरे बालों का गुच्छा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलता-जुलता लगा, इसलिए उसे यह उपनाम दिया गया. जियाउद्दीन मृधा ने आगे बताया कि यह भैंसा बेहद शांत स्वभाव का है और इसकी खास देखभाल करनी पड़ती है. उन्होंने बताया कि इसे समय-समय पर खाना खिलाना पड़ता है और नियमित रूप से नहलाया भी जाता है.
क्यों खास है यह एल्बिनो भैंसा?
बांग्लादेश में एल्बिनो भैंसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं. आमतौर पर वहां भैंसों का रंग गहरा काला होता है, लेकिन यह भैंसा अपने हल्के सुनहरे रंग और अलग दिखने वाले बालों की वजह से सबसे अलग नजर आता है. बकरीद के दौरान पशुओं की खरीद-बिक्री के बीच यह भैंसा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया. सोशल मीडिया पर वायरल होने और ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम मिलने के बाद आखिरकार इसकी जान बच गई.
हालांकि यह मामला अब सिर्फ एक जानवर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया की ताकत और लोगों की भावनाओं की वजह से यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आ गया है.
यह भी पढ़े: पटना में हादसाः गंगा नदी में पलटी नाव, दो लोगों की मौत, पांच लापता, तलाश जारी

