China Zoo Viral Video: चीन के चिड़ियाघरों से अक्सर ऐसे अजीबोगरीब मामले सामने आते रहते हैं, जो दुनियाभर में चर्चा का विषय बन जाते हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है. चीन के एक वाइल्डलाइफ पार्क पर आरोप लगा है कि उसने एक साधारण गधे के शरीर पर काली धारियां पेंट कर उसे जेब्रा जैसा दिखाने की कोशिश की. हालांकि, यह जुगाड़ ज्यादा देर तक छिप नहीं सका और पार्क में पहुंचे पर्यटकों ने तुरंत इस ‘नकली जेब्रा’ की पहचान कर ली.
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने इसे लेकर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स ने इसे मनोरंजन का अनोखा तरीका बताया, तो कई लोगों ने जानवरों के साथ ऐसा व्यवहार किए जाने पर सवाल भी उठाए.
चीन के वाइल्डलाइफ पार्क में सामने आया मामला
यह मामला चीन के वेइफांग शहर स्थित आनकियू वाइल्डलाइफ पार्क का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गधे के शरीर पर काले रंग की धारियां बनाई गई हैं, जिससे वह दूर से देखने पर कुछ हद तक जेब्रा जैसा दिखाई देता है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पार्क की आलोचना शुरू हो गई.
इसके बाद चिड़ियाघर के एक कर्मचारी ने सफाई देते हुए कहा, “हम तो बस जानवरों का कॉसप्ले कर रहे थे, हमने कभी दावा नहीं किया कि यह असली जेब्रा है. हमने पिंजरे के बाहर ऐसा कोई बोर्ड भी नहीं लगाया था. यह सिर्फ एक मजाक था, ताकि यहां आने वाले लोग थोड़ा हंस सकें और उनका मनोरंजन हो सके.” कर्मचारी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले पार्क में कुत्तों का भी इसी तरह ‘मेकओवर’ किया जा चुका है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
चीन में जानवरों को दूसरे जानवरों जैसा दिखाने के मामले पहले भी चर्चा में रह चुके हैं. पिछले साल शैनडोंग के जिबो सिटी अम्यूजमेंट पार्क में भी एक गधे को जेब्रा की तरह रंगकर पेश किया गया था. उस घटना के बाद भी चिड़ियाघर को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. इतना ही नहीं, पिछले साल चीन के ताइझोउ जू में दो सफेद चाउ-चाउ नस्ल के कुत्तों को काले और नारंगी रंग से रंगकर उन्हें बाघ की तरह प्रदर्शित किया गया था.
उस समय सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे जानवरों के साथ क्रूरता बताया था. विवाद बढ़ने पर चिड़ियाघर के एक प्रतिनिधि ने कहा था, “इंसान भी तो अपने बाल डाई करते हैं. अगर कुत्तों के बाल लंबे हों, तो उन पर नेचुरल कलर का इस्तेमाल किया जा सकता है, इसमें क्या गलत है?”
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पूरे मामले पर जमकर मजे लिए. एक यूजर ने लिखा, “चीन का माल वैसे भी नकली और बिना गारंटी वाला होता है, अब उन्होंने जेब्रा भी डुप्लीकेट बना दिया.” दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “बिना बिजली और बिना घास खाए चलने वाला जेब्रा, चीन के इंजीनियर्स को 21 तोपों की सलामी.”
वहीं एक अन्य यूजर ने जानवरों के हितों को लेकर चिंता जताते हुए लिखा, “मनोरंजन के नाम पर बेजुबान जानवरों पर केमिकल वाले पेंट लगाना सरासर गलत है, भले ही वे इसे मजाक कहें, लेकिन यह क्रूरता है.” फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग चीन के इस अनोखे ‘जुगाड़’ पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
यह भी पढ़े: अमेरिकाः अलास्का में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, चार क्रू मेंबर्स घायल

