Mehndi Artist Job: मेहंदी लगवाना सिर्फ त्योहारों और शादियों की एक रस्म नहीं, बल्कि कई लोगों के लिए यह हुनर और कमाई का जरिया भी है. खासकर शादी के सीजन में मेहंदी आर्टिस्ट्स की मांग काफी बढ़ जाती है और कुशल कलाकार अपनी कला के दम पर अच्छी कमाई करते हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इसी पेशे को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वीडियो में एक मशीन महिला के हाथ पर मेहंदी का डिजाइन बनाती नजर आ रही है. इस वीडियो को उद्योगपति हर्ष गोयनका ने शेयर किया है और इसे देखकर यह सवाल उठने लगा है कि क्या आने वाले समय में मशीनें मेहंदी आर्टिस्ट्स की जगह ले सकती हैं?
मशीन से लगाई गई मेहंदी का वीडियो वायरल
मशहूर उद्योगपति हर्ष गोयनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर काफी सक्रिय रहते हैं. वह अक्सर अपने अकाउंट से अलग-अलग तरह के दिलचस्प और चर्चा में आने वाले वीडियो शेयर करते हैं. हाल ही में उन्होंने एक ऐसा ही वीडियो पोस्ट किया, जिसमें मशीन की मदद से महिला के हाथ पर मेहंदी का डिजाइन तैयार किया जा रहा है. वीडियो में दिखाई देता है कि महिला अपना हाथ एक खास मशीन के अंदर रखती है.
इसके बाद मशीन बिना किसी खास मानवीय मदद के उसके हाथ पर मेहंदी का डिजाइन बना देती है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि डिजाइन तैयार होने में काफी कम समय लगता दिखाई देता है. इस वीडियो को शेयर करते हुए हर्ष गोयनका ने कैप्शन में लिखा, ‘कुछ और नौकरियां जाने वाली हैं’.
Some more jobs gone 🙈 pic.twitter.com/jKiUzB8gOA
— Harsh Goenka (@hvgoenka) September 9, 2026
क्या मेहंदी आर्टिस्ट्स की नौकरी पर पड़ेगा असर?
इस वीडियो के सामने आने के बाद मेहंदी आर्टिस्ट्स के भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. मेहंदी लगाना एक ऐसी कला है, जिसमें कलाकार को डिजाइन बनाने के साथ-साथ ग्राहक की पसंद और हाथ के आकार का भी ध्यान रखना पड़ता है. शादी और त्योहार जैसे मौकों पर लोग अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग डिजाइन बनवाना पसंद करते हैं. हालांकि, मशीनें अगर कम समय में एक जैसे डिजाइन तैयार करने में सक्षम होती हैं, तो कुछ ग्राहक सामान्य या जल्दी लगने वाली मेहंदी के लिए इनका विकल्प चुन सकते हैं. ऐसे में मेहंदी आर्टिस्ट्स के काम पर कुछ हद तक असर पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
हाथ से बनी मेहंदी और मशीन में क्या फर्क?
मेहंदी आर्टिस्ट्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ डिजाइन बनाने की नहीं है. हाथ से बनाई गई मेहंदी में कलाकार अपनी क्रिएटिविटी के हिसाब से डिजाइन में बदलाव कर सकता है. ग्राहक की पसंद के अनुसार पैटर्न को छोटा-बड़ा करना, अलग-अलग डिजाइन जोड़ना और खास मौकों के लिए कस्टम डिजाइन तैयार करना भी इसी कला का हिस्सा है. मशीन से तैयार होने वाले डिजाइन में यह व्यक्तिगत स्पर्श कितना मिल पाएगा, यह अभी बड़ा सवाल है. खासकर दुल्हनों की मेहंदी में नाम, खास पैटर्न और व्यक्तिगत पसंद के मुताबिक डिजाइन बनाए जाते हैं, जिसके लिए इंसानी हुनर की जरूरत पड़ती है.
वीडियो पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
हर्ष गोयनका के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि मेहंदी आर्टिस्ट्स को इस तकनीक से घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हाथ से बनाई गई मेहंदी की अपनी अलग पहचान होती है. वहीं, कुछ यूजर्स का मानना है कि अगर मशीनें तेजी से और कम लागत में मेहंदी लगाने लगीं, तो सामान्य डिजाइन के लिए इनका इस्तेमाल बढ़ सकता है.
दूसरी तरफ कई लोगों ने यह भी कहा कि हाथ से बने डिजाइन में मौजूद छोटी-छोटी बारीकियां और इंसानी स्पर्श मशीन के लिए दोहराना आसान नहीं होगा. फिलहाल यह तकनीक मेहंदी आर्टिस्ट्स की जगह पूरी तरह ले पाएगी या नहीं, यह कहना जल्दबाजी होगी. लेकिन वायरल वीडियो ने इतना जरूर दिखा दिया है कि तकनीक अब उन कामों तक भी पहुंच रही है, जिन्हें लंबे समय से इंसानी हुनर और कला से जोड़ा जाता रहा है.
यह भी पढ़े: स्विट्जरलैंड में टूरिस्टों को ले जा रही बस ढलान से गिरी, कईयों की मौत

