समंदर के पानी में फैल रहा सबसे खतरनाक एल्गी, अबतक लाखों समुद्री जीवों को उतार चुका है मौत के घाट, वैज्ञानिक भी हैरान 

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
World’s most toxic algae: दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के समुद्री तटों पर बीते कुछ महीनों से एक खौफनाक मंजर दिख रहा है. दुनिया के सबसे जहरीले एल्गी ने यहां लाखों समुद्री जीवों को मौत के घाट उतार दिया है. इसके अलावा समुद्र के किनारे एक अजीब तरह का सफेद झाग फैल गया है, जिससे भी समुद्री घोड़ों, ऑक्टोपस और मछलियों की बड़े पैमाने पर जान जा रही है. हालांकि यह मामला सिर्फ पर्यावरण तक ही सीमित नहीं है. इस जहरीले पानी के संपर्क में आने से सर्फिंग करने वाले लोग भी गंभीर रूप से बीमार पड़ रहे हैं. उन्हें खांसी, गले में दर्द और आंखों से धुंधला दिखने जैसी परेशानियां हो रही हैं.
ऐसे में वैज्ञानिकों ने अब इस तबाही के पीछे के कारण का पर्दाफाश किया है. एक नई रिसर्च से पता चला है कि यह तबाही कैरेनिया क्रिस्टाटा नाम के माइक्रोएल्गी की वजह से हो रही है. यह एल्गी अब तक खोजा गया सबसे खतरनाक और जहरीला एल्गी है.

कैसे फैल रहा समुद्र में मौत का खौफ?

दरअसल मार्च 2025 में ऑस्ट्रेलिया के वेटपिंगा बीच पर एक अजीबोगरीब झाग देखा गया था, जिसके बाद से ही वहां लाखों की संख्या में समुद्री जीवों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया. नेचर इकोलॉजी एंड इवोल्यूशन जर्नल में छपी एक रिपोर्ट ने इस तबाही की असल वजह दुनिया के सामने रखी है.
रिसर्च के मुताबिक, कैरेनिया क्रिस्टाटा नाम का एल्गी न्यूरोटॉक्सिन नाम का एक खतरनाक जहर छोड़ता है, जो जीवों के नर्वस सिस्टम को पूरी तरह तबाह कर देता है. इस एल्गी का प्रभाव इतना तेज है कि यह दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के पर्यावरण और इकॉनमी को भारी नुकसान पहुंचा रहा है.

वैज्ञानिकों के हाथ लगे बेहद डरावने सुराग?

रिसर्चर्स ने इस रहस्यमयी एल्गी की बारीकी से जांच की. उन्होंने इस एल्गी के लेबोरेटरी सैंपल को समुद्र से लिए गए पानी के सैंपल के साथ मैच किया. इसके नतीजे बेहद डरावने थे. उन्होने कहा कि ‘कैरेनिया क्रिस्टाटा लेबोरेटरी में बहुत कम मात्रा में होने के बावजूद बेहद जहरीला पाया गया है.यह एल्गी अब तक जांचे गए दूसरे सबसे जहरीले एल्गी से भी दस गुना ज्यादा खतरनाक है.

दूसरे देशों पर भी मंडरा रहा है इस जहरीले एल्गी का खतरा?

बता दें कि इस विनाशकारी एल्गी का खौफ सिर्फ ऑस्ट्रेलिया तक ही सीमित नहीं रहने वाला है. रिसर्चर्स ने साफ चेतावनी दी है कि इसके नतीजे पूरी दुनिया के लिए खतरनाक हो सकते हैं. यह एल्गी ठंडे पानी में पनपता है. अर्थात दुनिया के किसी भी तटीय इलाके में जहां पानी ठंडा है वहां यह आसानी से तबाही मचा सकता है. हालांकि इससे पहले कैरेनिया ब्रेविस नाम के एल्गी को सबसे विनाशकारी माना जाता था. वह अमेरिका के गर्म तटीय पानी में ही पाया जाता है.
Latest News

Dussehra Wishes: अधर्म पर धर्म की विजय…, इन संदेशों के साथ प्रियजनों को दें दशहरा की शुभकामनाएं

Dussehra Wishes: देशभर में दशहरा का त्यौहार की बड़ी धूम रहती है. इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की...

More Articles Like This

Exit mobile version