पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत को लेकर बड़ा दावा, मीर यार बलोच बोले- ‘85% बलूचिस्तान पर हमारा नियंत्रण’

New Delhi: पाकिस्तान के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान में चल रहे बवाल के बीच एक नई खबर ने भूचाल मचा दिया है. सोशल मीडिया पर रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान के नाम से जारी एक बयान में बड़ा दावा किया जा रहा है. कहा गया है कि बलूचिस्तान अब एक स्वतंत्र देश है. बलूचिस्तान की रक्षा और सुरक्षा बलों ने प्रदेश के 85 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है.

नया राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान लागू

इस दावे के साथ ही नया राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान, अपनी मुद्रा और अलग प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की भी बात कही गई है. साथ ही कहा गया है कि पाकिस्तान सेना, पुलिस, फ्रंटियर कॉर्प्स और लेवीज़ से बड़ी संख्या में बलोच और पश्तून समुदाय के लोगों ने इस्तीफा दिया है. सोशल मीडिया पर सक्रिय बलोच नेता मीर यार बलोच ने 13 जुलाई 2026 को जारी बयान साझा करते हुए दावा किया कि बलूचिस्तान ने अपनी स्वतंत्रता की घोषणा कर दी है.

राष्ट्रीय गान ‘मा चुकैन बलोचानी’ अपनाया

बयान के मुताबिक, देश का राष्ट्रीय गान ‘मा चुकैन बलोचानी’ अपनाया गया है, नया राष्ट्रीय ध्वज जारी किया गया है और ‘बलोची फलूस’ नाम से नई मुद्रा भी शुरू की गई है. बयान में कहा गया है कि बलूचिस्तान की रक्षा और सुरक्षा बल अब प्रदेश के 85 फीसदी क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं. साथ ही दावा किया गया है कि बलूचिस्तान के सोने और तांबे की खदानों, 150 से अधिक सक्रिय गैस क्षेत्रों और 1,200 से ज्यादा संचालित कोयला खदानों पर भी उनका नियंत्रण है.

बलूचिस्तान को मान्यता देने की अपील

इसी आधार पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बलूचिस्तान को मान्यता देने की अपील की गई. बयान में कहा गया है कि फिलहाल बलूचिस्तान का प्रशासन उसकी अपनी सुरक्षा और रक्षा बलों के जरिए चलाया जा रहा है. इसमें यह भी कहा गया है कि उनके पास लड़ाकू विमान, अटैक हेलीकॉप्टर, टैंक, मिसाइल या भारी तोपखाना नहीं है, लेकिन जमीन पर उनका नियंत्रण है.

पांच लाख कर्मियों का बल तैयार

बयान के अनुसार, सेना, नौसेना, वायुसेना और नागरिक प्रशासन को मिलाकर करीब पांच लाख कर्मियों का बल तैयार है, जो 2026 के अंत तक पाकिस्तान की सेना को हटाने के लिए तैयार है. बयान में दावा किया गया है कि बलूचिस्तान के लोगों ने पाकिस्तान की मौजूदगी को अस्वीकार कर दिया है. बयान में कहा गया है कि बलूचिस्तान अपनी जमीन, हवाई क्षेत्र और समुद्री तट का इस्तेमाल पाकिस्तान की सेना, नौसेना और वायुसेना को क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने के लिए नहीं करने देगा.

स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की अपील

साथ ही दुनिया के देशों से ‘रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की अपील की गई है. हालांकि, इन सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

इसे भी पढ़ें. PM Modi Jalandhar Visit: PM मोदी का जालंधर दौरा 17 को, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

More Articles Like This

Exit mobile version