Shukra Gochar 2026: 11 अगस्त से ग्रहों के राजकुमार कहे जाने वाले शुक्र ग्रह अपनी चाल बदलने जा रहे हैं. शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन कुछ राशियों के लिए शुभ तो कुछ के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शुक्र 11 अगस्त को हस्त नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 25 अगस्त तक इसी नक्षत्र में रहेंगे. हस्त नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं, जबकि ज्योतिष में शुक्र और चंद्रमा के संबंध अनुकूल नहीं माने जाते. ऐसे में इस अवधि के दौरान कुछ राशियों को आर्थिक मामलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खर्च बढ़ सकते हैं, निवेश में नुकसान हो सकता है और करियर से जुड़े फैसलों में भी सतर्क रहने की जरूरत होगी.
क्यों खास है शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन?
वैदिक ज्योतिष के अनुसार, शुक्र ग्रह धन, सुख-सुविधा, प्रेम, वैवाहिक जीवन, कला और भौतिक सुखों के कारक माने जाते हैं. जब शुक्र किसी नए नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तो उसका प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग पड़ता है. इस बार शुक्र का हस्त नक्षत्र में गोचर चार राशियों के लिए आर्थिक और पेशेवर जीवन में कुछ चुनौतियां लेकर आ सकता है.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए शुक्र वर्तमान में छठे भाव में विराजमान हैं, जिसे रोग, शत्रु और विवाद का भाव माना जाता है. ऐसे में शुक्र का हस्त नक्षत्र में प्रवेश आर्थिक मामलों में सतर्क रहने का संकेत दे रहा है. इस दौरान अचानक खर्च बढ़ सकते हैं और जमा पूंजी भी खर्च करनी पड़ सकती है. 25 अगस्त तक किसी भी तरह का बड़ा निवेश करने से बचें. नौकरी और कारोबार में विरोधी सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए हर निर्णय सोच-समझकर लें.
कर्क राशि
कर्क राशि के कारोबारियों को इस अवधि में किसी भी सौदे को जल्दबाजी में करने से बचना चाहिए. गलत निर्णय आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है. परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य पर भी खर्च होने की संभावना है. आर्थिक मामलों में माता-पिता या किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. साथ ही 25 अगस्त तक किसी को उधार देने से बचना बेहतर रहेगा.
तुला राशि
तुला राशि के स्वामी शुक्र हैं, लेकिन वर्तमान में शुक्र आपकी कुंडली के द्वादश भाव यानी हानि भाव में स्थित हैं. ऐसे में शुक्र का नक्षत्र परिवर्तन धन संबंधी मामलों में सावधानी बरतने का संकेत दे रहा है. इस दौरान सट्टेबाजी, जोखिम वाले निवेश और बिना सोच-समझे किए गए खर्च से बचना चाहिए. कार्यक्षेत्र में भी परिस्थितियां कुछ समय के लिए प्रतिकूल रह सकती हैं, इसलिए हर काम पूरी एकाग्रता और धैर्य के साथ करें.
मकर राशि
मकर राशि के लोगों को घर से जुड़े किसी बड़े खर्च का सामना करना पड़ सकता है. यदि आपने किसी से उधार लिया है, तो इस दौरान लेनदार पैसे वापस मांग सकते हैं. कारोबार करने वाले लोगों के अपने बिजनेस पार्टनर के साथ मतभेद होने की आशंका है, इसलिए बातचीत में संयम रखें. नौकरीपेशा लोगों को भी धन संबंधी लेन-देन सोच-समझकर करना चाहिए और किसी विश्वसनीय व्यक्ति की मौजूदगी में ही आर्थिक फैसले लेना बेहतर रहेगा.
शुक्र को मजबूत करने के लिए करें ये उपाय
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यदि इन राशियों के लोग शुक्र के शुभ प्रभाव को बढ़ाना चाहते हैं, तो कुछ आसान उपाय कर सकते हैं. महिलाओं का सम्मान करें और उनके साथ अच्छा व्यवहार रखें. नियमित रूप से माता लक्ष्मी की पूजा करें. चावल, चीनी जैसी सफेद वस्तुओं का दान करना भी शुभ माना जाता है. वहीं, अपने जीवनसाथी या लव पार्टनर को इत्र उपहार में देना भी शुक्र ग्रह को मजबूत करने का एक शुभ उपाय माना गया है.
नोट: यह लेख ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है. ज्योतिष के प्रभाव और उपायों को लेकर अलग-अलग मान्यताएं हो सकती हैं. किसी भी निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित रहेगा.
यह भी पढ़े: त्रिपुरासुर के अत्याचार से मुक्ति दिलाकर भगवान शिव बने ‘त्रिपुरारी’: दिव्य मोरारी बापू