Sydney: मशहूर टिकटॉक स्टार और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सिडनी टोले का 20 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. वह पिछले तीन वर्षों से दुर्लभ कैंसर कोलांगियोकार्सिनोमा (बाइल डक्ट कैंसर) से जूझ रही थीं. इलाज के दौरान उन्होंने अपनी पूरी यात्रा सोशल मीडिया पर साझा की और लाखों लोगों को हिम्मत, उम्मीद और सकारात्मक सोच का संदेश दिया. सिडनी के परिवार ने 5 अगस्त को सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की पुष्टि की.
हजारों लोगों के लिए प्रेरणा
परिवार ने पहाड़ की चोटी पर खड़ी सिडनी की एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा. पोस्ट में उन्हें एक प्यारी बेटी, बहन और हजारों लोगों के लिए प्रेरणा बताया गया. वहीं, उनके बड़े भाई ऑस्टिन टोले ने भी बहन को याद करते हुए उन्हें दुनिया की सबसे अच्छी बहन बताया. निधन से एक दिन पहले उनके भाई ने जानकारी दी थी कि सिडनी को हॉस्पिस केयर में शिफ्ट किया गया है.
गांठ और जलन को सामान्य हर्निया समझा
उस दौरान उनके परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त लगातार उनके साथ मौजूद थे. सिडनी को वर्ष 2023 में कोलांगियोकार्सिनोमा (बाइल डक्ट कैंसर) होने का पता चला था. शुरुआत में पेट में महसूस हुई गांठ और जलन को सामान्य हर्निया समझा गया, लेकिन जांच के बाद पता चला कि वह एक दुर्लभ कैंसर से पीड़ित हैं. यह कैंसर पित्त नलिकाओं में विकसित होता है और आमतौर पर 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में देखा जाता है. कम उम्र में इस बीमारी का होना बेहद दुर्लभ माना जाता है.
पूरा सफर सोशल मीडिया पर किया साझा
बीमारी का पता चलने के बाद सिडनी ने अपने इलाज का पूरा सफर सोशल मीडिया पर साझा किया. उन्होंने कई सर्जरी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और क्लिनिकल ट्रायल्स भी करवाए. इलाज के दौरान कुछ समय के लिए उनके ट्यूमर का आकार कम हुआ और डॉक्टरों ने उसका बड़ा हिस्सा सफलतापूर्वक निकाल दिया था. समय के साथ कैंसर दोबारा बढ़ने लगा और बाद में यह पेरिटोनियम तथा फेफड़ों तक फैल गया.
इलाज बंद कर एंड-ऑफ-लाइफ केयर की सलाह
मई 2026 में सिडनी ने अपने फॉलोअर्स को बताया था कि डॉक्टरों ने सक्रिय इलाज बंद कर एंड-ऑफ-लाइफ केयर की सलाह दी है. हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरी समय तक इलाज जारी रखने तथा सकारात्मक सोच के साथ जिंदगी जीने का फैसला किया. सिडनी टोले ने अपनी बीमारी को कभी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कैंसर से जुड़ी चुनौतियों, इलाज और मानसिक मजबूती के बारे में खुलकर बात की.
इसे भी पढ़ें. ट्रंप का बड़ा फैसला: अब US में जन्म लेते ही नहीं मिलेगी नागरिकता, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोर्ट के आदेश को किया दरकिनार