Bank Strike: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है. 28 सितंबर से शुरू होने वाली तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है. रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया. ऐसे में फिलहाल बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा. हालांकि, बैंक कर्मचारियों की मांगें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं और आगे की बातचीत पर सबकी नजर रहेगी. रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक में बैंक कर्मचारियों के लिए 5-डे वर्किंग वीक समेत कई लंबित मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई. बैठक के बाद प्रस्तावित 28 से 30 सितंबर की हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी.
5-डे बैंकिंग वीक पर बनेगी हाई-लेवल कमेटी
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIBEA) के महासचिव सी.एच. वेंकटचलम के अनुसार, 5-डे बैंकिंग यानी सप्ताह में पांच दिन काम करने की मांग को लागू करने और इस पर विचार करने के लिए एक संयुक्त हाई-लेवल कमेटी गठित करने का फैसला लिया गया है. इस कमेटी में IBA और UFBU के प्रतिनिधि शामिल होंगे. कमेटी पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह से जुड़े संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी. इसका उद्देश्य ग्राहकों समेत सभी स्टेकहोल्डर्स को स्वीकार्य समाधान तलाशना होगा.
Bank strike deferred after the meeting between the Indian Banks' Association (IBA) and the United Forum of Bank Unions (UFBU) tonight. pic.twitter.com/SPJUwp63p2
— ANI (@ANI) September 27, 2026
28 से 30 सितंबर की हड़ताल फिलहाल स्थगित
28, 29 और 30 सितंबर को बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल होनी थी. लेकिन IBA और UFBU के बीच हुई बातचीत के बाद इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. इसका मतलब है कि इन तारीखों पर बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी. हालांकि, पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग अभी भी विचाराधीन है. सरकार की तरफ से इस मुद्दे पर अभी कोई पुख्ता फैसला सामने नहीं आया है.
यूनियन ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल टलने के बावजूद बैंक यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर आगे की कार्रवाई का विकल्प खुला रखा है. यूनियनों ने चेतावनी दी है कि अगर नई बनी कमेटी और सरकार के साथ होने वाली बातचीत में मांगों का कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो 26 अक्टूबर 2026 से देशभर में अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल शुरू की जा सकती है. यानी फिलहाल 28 से 30 सितंबर की हड़ताल टल गई है, लेकिन अगर बातचीत से समाधान नहीं निकलता है तो अक्टूबर में बैंकिंग सेवाओं पर दोबारा असर पड़ सकता है.
दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा बाकी शनिवार पर भी चर्चा
UFBU के सर्कुलर के अनुसार, दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा बाकी शनिवारों को भी छुट्टी घोषित करने की मांग पर चर्चा के लिए तत्काल एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी. कमेटी संभावित विकल्पों पर विचार करने के साथ सभी स्टेकहोल्डर्स से सलाह लेगी. इसमें ग्राहकों की जरूरतों को भी ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी जिसे सभी संबंधित पक्ष स्वीकार कर सकें.
PLI स्कीम पर भी होगी बातचीत
बैठक में परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI स्कीम का मुद्दा भी उठा. IBA ने स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI स्कीम को लेकर यूनियनों और एसोसिएशनों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा शुरू करने का आश्वासन दिया है. इसके तहत सरकार को बदलावों का प्रस्ताव देने के साथ आगे बातचीत की जा सकती है.
इसके अलावा दोनों पक्ष 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज बाकी लंबित मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुलझाया जा सके. फिलहाल 28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल टल गई है और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रहेंगी. अब आगे की बातचीत और हाई-लेवल कमेटी की प्रक्रिया यह तय करेगी कि पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह समेत कर्मचारियों की अन्य मांगों पर क्या समाधान निकलता है.
यह भी पढ़े: आज कितना बदला LPG सिलेंडर का रेट? दिल्ली से पटना तक जानें घरेलू और कमर्शियल गैस के भाव

