Crude Oil Price Today: कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर से नीचे, IEA के फैसले से बाजार में गिरावट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Crude Oil Price Today: वैश्विक तेल बाजार में बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे आ गई है. बाजार में यह गिरावट इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) द्वारा इमरजेंसी रिजर्व से तेल जारी करने की संभावना के बाद देखने को मिली.

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद तेल की कीमतों में आई तेजी को नियंत्रित करने के लिए IEA इमरजेंसी रिजर्व से कच्चे तेल की अतिरिक्त आपूर्ति पर विचार कर रहा है.

ब्रेंट क्रूड और WTI दोनों में गिरावट

ताजा आंकड़ों के अनुसार ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत करीब 0.99 प्रतिशत गिरकर 86.93 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई. वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI वायदा भी 0.75 प्रतिशत गिरकर 82.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इमरजेंसी रिजर्व से बड़ी मात्रा में तेल बाजार में उतारा जाता है तो इससे वैश्विक आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतों पर दबाव बना रह सकता है.

होर्मुज जलडमरूमध्य के कारण बढ़ी थी कीमत

हाल के दिनों में मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिम के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला था. ब्रेंट क्रूड करीब 50 प्रतिशत तक बढ़कर 119 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया था. होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है. वैश्विक स्तर पर लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल की आपूर्ति इसी मार्ग से होकर गुजरती है.

ट्रंप के बयान का भी पड़ा असर

तेल की कीमतों में गिरावट की एक वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हालिया बयान भी माना जा रहा है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है. हालांकि दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी जारी है और यह संघर्ष दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है.

होर्मुज को लेकर ट्रंप की चेतावनी

ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने की खबरों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है. मंगलवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. “अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में कोई बारूदी सुरंगें बिछाई हैं और हमारे पास इसकी कोई रिपोर्ट नहीं है, तो हम चाहते हैं कि उन्हें तुरंत हटाया जाए!” उन्होंने आगे कहा.
“बारूदी सुरंगों को हटाना सही दिशा में एक बड़ा कदम होगा!”

यह भी पढ़े: Air India Fuel Surcharge: एयर इंडिया ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट टिकट होंगे महंगे

More Articles Like This

Exit mobile version