DGCA Alert: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत की विमानन नियामक संस्था नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बड़ा फैसला लिया है. DGCA ने भारतीय एयरलाइंस को नौ देशों के एयरस्पेस का इस्तेमाल न करने का निर्देश जारी किया है. यह फैसला यात्रियों और उड़ानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
किन देशों के एयरस्पेस से बचने का निर्देश
DGCA के निर्देश के अनुसार एयरलाइंस को बहरीन, ईरान, इराक, इजरायल, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एयरस्पेस से बचने को कहा गया है. इन क्षेत्रों में मौजूदा हालात को देखते हुए उड़ान संचालन को जोखिम भरा माना गया है.
क्यों लिया गया यह फैसला
नियामक के अनुसार हाल ही में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान में किए गए सैन्य हमलों के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है. ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई के चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा खतरा बढ़ गया है, जिससे नागरिक उड्डयन प्रभावित हो सकता है.
कुछ शर्तों के साथ मिली छूट
DGCA ने बताया कि कुछ विशेष शर्तों के तहत ओमान और सऊदी अरब के ऊपर से उड़ानों की अनुमति दी जा सकती है. हालांकि एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि इन क्षेत्रों में 32,000 फीट से नीचे उड़ान न भरें.
एयरलाइंस के लिए सख्त निर्देश
नियामक ने एयरलाइंस को व्यापक सुरक्षा मूल्यांकन करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए मजबूत प्लान तैयार रखने को कहा है. साथ ही फ्लाइट क्रू को लेटेस्ट NOTAM (Notice to Airmen) की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है, ताकि हवाई क्षेत्र से जुड़े हर अपडेट की जानकारी समय पर मिल सके.
कब तक लागू रहेगा आदेश
यह निर्देश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है और 28 मार्च तक प्रभावी रहेगा. हालांकि हालात के अनुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है.
यह भी पढ़े: BMW Price Hike: 1 अप्रैल से महंगी होंगी BMW और MINI कारें, 2% तक बढ़ेंगी कीमतें

