Firstsource Solutions Q1 Results: आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप की आईटी कंपनी फर्स्टसोर्स सॉल्यूशंस ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी की आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन मुनाफे में गिरावट और परिचालन प्रदर्शन कमजोर रहने से निवेशकों की निराशा बढ़ी. इसका असर शेयर पर भी साफ दिखाई दिया और नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में दो अंकों की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. कंपनी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 19 प्रतिशत घटकर 166 करोड़ रुपये रह गया. इससे पहले वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में कंपनी का मुनाफा 205 करोड़ रुपये था.
आय में हुई बढ़ोतरी
हालांकि, कंपनी की ऑपरेशंस से आय में वृद्धि दर्ज की गई है. अप्रैल-जून तिमाही में आय 5.5 प्रतिशत बढ़कर 2,725 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 2,583 करोड़ रुपये थी. इससे साफ है कि कारोबार का आकार बढ़ा, लेकिन इसका पूरा फायदा मुनाफे में नहीं दिख सका.
परिचालन प्रदर्शन रहा कमजोर
कंपनी का EBIT (Earnings Before Interest and Tax) तिमाही आधार पर 45.2 प्रतिशत घटकर 337 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, EBIT Margin में मामूली सुधार देखने को मिला और यह 12.2 प्रतिशत से बढ़कर 12.4 प्रतिशत हो गया. यानी मार्जिन में 20 आधार अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
नतीजों के बाद शेयर में बड़ी गिरावट
कमजोर तिमाही नतीजों के बाद Firstsource Solutions के शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली. दोपहर करीब 2:30 बजे कंपनी का शेयर करीब 12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 296 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था. इंट्रा-डे कारोबार के दौरान शेयर ने 339 रुपये का उच्च स्तर और 280.30 रुपये का निचला स्तर छुआ, जिससे दिनभर शेयर में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला.
लंबी अवधि में कैसा रहा प्रदर्शन?
हालिया गिरावट के बावजूद कंपनी के शेयर ने पिछले एक महीने में करीब 19 प्रतिशत का सकारात्मक रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले छह महीनों में लगभग 3 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है. हालांकि, एक साल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो शेयर अब भी करीब 15 प्रतिशत के नकारात्मक रिटर्न पर बना हुआ है.
बाजार में रही तेजी
दूसरी ओर, भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को सकारात्मक कारोबार देखने को मिला. सेंसेक्स करीब 192 अंक की बढ़त के साथ 78,817 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 13 अंक चढ़कर 24,637 के आसपास पहुंच गया. इस दौरान निफ्टी बैंक भी मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा और 302 अंकों की बढ़त के साथ 58,033 के स्तर पर पहुंच गया. बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने बाजार की तेजी को समर्थन दिया.
यह भी पढ़े: Sensex Closing Bell: लगातार दूसरे दिन हरे निशान में बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार, 374 अंक बढ़ा सेंसेक्स

