Pakistan Protests: पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान के जेल में बंद हुए तीन वर्ष पूरे हो गए हैं. इसी के चलते बुधवार को पाकिस्तान में इमरान खान के समर्थन में और पाक सरकार के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुए. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) समर्थकों ने पूरे पाकिस्तान में रैलियां निकाली. प्रदर्शन को बढ़ता देखकर रावलपिंडी में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे और इमरान खान के 100 से अधिक समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया.
पाक सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
इमरान खान के समर्थन में बड़ी रैली खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में हुई, जहां PTI सत्ता में है. पार्टी ने इमरान खान की रिहाई और उनके अधिकारों की बहाली की मांग की. पुलिस ने पाकिस्तान के पंजाब में मियांवाली और रावलपिंडी में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और PTI के कई कार्यकर्ताओं को अरेस्ट किया.
लाहौर में भी इमरान खान के समर्थन में प्रदर्शन हुए. यहां मॉल रोड पर पुलिस ने खान की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स (RRF) को प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करते हुए देखा गया. रैली की कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों के साथ भी पुलिस के मारपीट किए जाने का आरोप है, जिसका मीडिया संगठनों ने भी विरोध किया है.
इमरान की पार्टी के कई नेता गिरफ्तार
पीटीआई पंजाब के महासचिव चौधरी बिलाल एजाज ने बताया कि लाहौर में गिरफ्तार किए गए 25 लोगों में पार्टी के पांच विधायक भी शामिल थे. समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में चौधरी बिलाल एजाज ने बताया, ‘दमन, उत्पीड़न और तानाशाही के इस दौर के बावजूद, पंजाब में PTI के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विरोध रैलियां कीं और इमरान खान के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया.’
PTI के अनुसार, मियांवाली, रावलपिंडी और पंजाब के अन्य हिस्सों में कम से कम 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. पानो अकील में 6 और कंधकोट में 15 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया. कराची में भी पुलिस ने सदर टाउन में विरोध कर रहे PTI समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया और 10 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया.
इस्लामाबाद में भारी विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने बुधवार को घोषणा की कि अगर इमरान खान को न्याय नहीं मिला तो PTI समर्थक 27 सितंबर को इस्लामाबाद की ओर मार्च करेंगे. पेशावर में समर्थकों को संबोधित करते हुए अफरीदी ने कहा, ‘पार्टी की पहली मांग यह है कि खान और उनकी पत्नी के खिलाफ मामलों की सुनवाई हो और उन पर मेरिट के आधार पर फैसला किया जाए.’
अफरीदी ने आगे कहा, ‘दूसरी मांग ये है कि इमरान खान को उनकी कानूनी टीम, डॉक्टरों, रिश्तेदारों और पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात फिर से शुरू करने की इजाजत मिले.’ अफरीदी ने दावा किया कि अगर न्याय मिलता है, तो खान को 30 मिनट के अंदर रिहा किया जा सकता है.

