Foldable Smartphone: 2026 के अंत तक 10 करोड़ यूनिट पार होगा फोल्डेबल फोन बाजार, Apple की एंट्री से बढ़ेगी रफ्तार

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Foldable Smartphone: दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. काउंटरपॉइंट रिसर्च की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के अंत तक फोल्डेबल स्मार्टफोन की कुल वैश्विक शिपमेंट 10 करोड़ यूनिट के आंकड़े को पार कर सकती है. यह उपलब्धि इस कैटेगरी के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2019 में पहला व्यावसायिक फोल्डेबल स्मार्टफोन आने के बाद यह इसका आठवां साल है. 

2027 में 37 प्रतिशत बढ़ सकती है शिपमेंट

रिपोर्ट के अनुसार, 2027 में दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन की शिपमेंट सालाना आधार पर 37% बढ़ने का अनुमान है. इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह एप्पल की फोल्डेबल स्मार्टफोन कैटेगरी में एंट्री और सैमसंग तथा हुआवेई जैसे ब्रांड्स के चौड़ी स्क्रीन वाले बुक-टाइप फोल्डेबल डिवाइस की बढ़ती मांग बताई गई है. फिलहाल फोल्डेबल स्मार्टफोन की हिस्सेदारी पूरी दुनिया के स्मार्टफोन बाजार में करीब 2% ही है. ऐसे में इस सेगमेंट में आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं मौजूद हैं.

फोल्डेबल आईफोन से बदलेगा बाजार

काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुमान के मुताबिक, एप्पल 2026 में अपने पहले फोल्डेबल आईफोन की 60 लाख तक यूनिट शिप कर सकता है. इससे कंपनी की वैश्विक फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हो सकती है और वह सैमसंग के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच सकती है. 2026 में सैमसंग की हिस्सेदारी करीब 38 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि हुआवेई की हिस्सेदारी 22% रह सकती है. हालांकि, शुरुआती दौर में एप्पल के फोल्डेबल आईफोन की बिक्री मांग की कमी के बजाय सप्लाई और सीमित उत्पादन क्षमता से प्रभावित हो सकती है. काउंटरपॉइंट के मुताबिक, उत्पादन बढ़ने के साथ अलग-अलग बाजारों में डिवाइस की उपलब्धता धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है.

2027 में एप्पल की हिस्सेदारी 40% तक पहुंचने का अनुमान

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2027 में एप्पल की फोल्डेबल स्मार्टफोन शिपमेंट दोगुने से भी ज्यादा बढ़ सकती है. इसके साथ कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है. काउंटरपॉइंट का कहना है कि एप्पल के प्रवेश से प्रीमियम सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा और तेज होगी. काउंटरपॉइंट रिसर्च के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के मुताबिक, एप्पल की एंट्री से प्रीमियम सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी. हालांकि, फोल्डेबल स्मार्टफोन अभी भी पूरे स्मार्टफोन बाजार का छोटा हिस्सा हैं, इसलिए मौजूदा स्तर से इस कैटेगरी के काफी आगे बढ़ने की गुंजाइश है.

अगले 10 करोड़ यूनिट का आंकड़ा भी जल्द

काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, बाजार में मौजूदा तेजी बनी रहती है तो फोल्डेबल स्मार्टफोन की अगली 10 करोड़ यूनिट की संचयी शिपमेंट भी करीब तीन साल के भीतर हासिल की जा सकती है. इससे संकेत मिलता है कि आने वाले वर्षों में फोल्डेबल डिवाइस का बाजार और तेजी से विस्तार कर सकता है. हालांकि, फोल्डेबल स्मार्टफोन की कीमत अभी भी बड़ी चुनौती है. रिपोर्ट के मुताबिक, ये डिवाइस सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में करीब तीन गुना तक महंगे हैं. इसी वजह से बड़े पैमाने पर आम उपभोक्ताओं के बीच इनकी स्वीकार्यता बढ़ने में अभी कुछ साल लग सकते हैं.

यह भी पढ़े: बागपत में हादसाः डिवाइडर से टकारकर पलटा वाहन, चार श्रद्धालुओं की मौत, 32 घायल

Latest News

बवाल के बाद फिर खुला पाकिस्तान और ईरान का बॉर्डर, दोनों देशों के बीच जरूरी सामान की आवाजाही दोबारा शुरू

New Delhi: पाकिस्तान और ईरान के बीच एक हफ्ते से बंद पड़ा गब्ड-रिमदान बॉर्डर शनिवार सुबह फिर खोल दिया...

More Articles Like This

Exit mobile version