Global Layoffs 2026: वैश्विक स्तर पर बड़ी कंपनियों में एक बार फिर छंटनी का दौर तेज होता नजर आ रहा है. मनोरंजन से लेकर टेक और बैंकिंग सेक्टर तक कई दिग्गज कंपनियां लागत घटाने और ऑपरेशन्स को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों की संख्या कम करने की योजना बना रही हैं. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक वॉल्ट डिज्नी, ओरेकल और एचएसबीसी जैसी बड़ी कंपनियों में छंटनी की खबरें सामने आई हैं.
डिज्नी में 1000 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी
रिपोर्ट के अनुसार, वॉल्ट डिज्नी आने वाले हफ्तों में करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है. बताया जा रहा है कि इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर कंपनी के मार्केटिंग डिवीजन पर पड़ेगा. द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, नौकरी में कटौती की यह योजना मार्च में जोश डीअमारो के नए सीईओ बनने से पहले ही शुरू हो गई थी. हालांकि, यह छंटनी कंपनी के कुल कर्मचारियों के 1% से भी कम हिस्से को प्रभावित करेगी. वित्त वर्ष 2025 के अंत तक डिज्नी में करीब 2.31 लाख कर्मचारी कार्यरत थे, ऐसे में यह कटौती सीमित दायरे में रहने की संभावना है.
‘Project Imagine’ के तहत लागत घटाने की योजना
डिज्नी के नए चीफ मार्केटिंग ऑफिसर असद अयाज कंपनी के मार्केटिंग ऑपरेशन्स को पुनर्गठित करने की दिशा में काम कर रहे हैं. ‘Project Imagine’ नाम के इस प्रोग्राम के तहत मार्केटिंग टीमों को एकजुट किया जा रहा है और लागत कम करने पर जोर दिया जा रहा है. जनवरी से लागू किए गए नए मार्केटिंग स्ट्रक्चर के तहत कई बदलाव किए जा रहे हैं, जिनका असर सीधे कर्मचारियों पर पड़ सकता है.
ओरेकल में बड़ी छंटनी, हजारों नौकरियों पर संकट
दूसरी ओर क्लाउड टेक कंपनी ओरेकल में भी बड़े स्तर पर छंटनी की खबरें सामने आई हैं. कई कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्हें सुबह-सुबह ईमेल के जरिए नौकरी से निकाले जाने की सूचना दी गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, ओरेकल करीब 20,000 से 30,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है, जो उसकी कुल वर्कफोर्स का लगभग 18% हिस्सा है. यह टेक सेक्टर में हाल के समय की सबसे बड़ी संभावित छंटनियों में से एक मानी जा रही है.
एचएसबीसी में भी छंटनी की तैयारी
ग्लोबल बैंक एचएसबीसी भी आने वाले समय में कर्मचारियों की संख्या कम करने पर विचार कर रहा है. कंपनी के सीईओ जॉर्जेस एलहेडेरी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए ऑपरेशन्स को अधिक कुशल बनाने की योजना बना रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर बैक-ऑफिस और मिडिल-ऑफिस से जुड़े नॉन-क्लाइंट फेसिंग पदों पर पड़ सकता है. हालांकि अभी इस पर शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है.
यह भी पढ़े: सीजफायर के बीच ईरान को ट्रंप की धमकी, ‘होर्मुज नहीं खुला तो शुरू होगी गोलीबारी’

