GST Collection February 2026: 1.83 लाख करोड़ पर पहुंचा जीएसटी कलेक्शन, सालाना 8.1% की बढ़ोतरी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

GST Collection February 2026: फरवरी 2026 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) संग्रह सालाना आधार पर 8.1% बढ़कर 1.83 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 1.69 लाख करोड़ रुपए था. सरकार ने रविवार को यह आंकड़े जारी किए. इससे पहले जनवरी में जीएसटी कलेक्शन 1.71 लाख करोड़ रुपए रहा था. चालू वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल 2025 से फरवरी 2026) के दौरान कुल जीएसटी संग्रह 20,27,033 करोड़ रुपए दर्ज किया गया, जो पिछले साल की समान अवधि के 18,71,670 करोड़ रुपए की तुलना में 8.3% अधिक है.

CGST, SGST और IGST का ब्योरा

फरवरी के जीएसटी कलेक्शन में सेंट्रल जीएसटी (CGST) 37,473 करोड़ रुपए रहा है, जबकि स्टेट जीएसटी (एसजीएसटी) 45,900 करोड़ रुपए रहा है. वहीं, इंटीग्रेटेड जीएसटी (IGST) 1,00,236 करोड़ रुपए था. फरवरी में सरकार ने 22,595 करोड़ रुपए का रिफंड जारी किया है. इसमें सालाना आधार 10.2% की वृद्धि हुई है. अगर रिफंड को घटा दिया जाए तो फरवरी में शुद्ध जीएसटी कलेक्शन 1.61 लाख करोड़ रुपए हो जाता है. इसमें सालाना आधार पर 7.9% की वृद्धि दर्ज की गई है. पिछले साल समान अवधि में यह आंकड़ा 1,49,278 करोड़ रुपए था.

सेस कलेक्शन में गिरावट और GST 2.0 का असर

फरवरी 2026 में सरकार का सेस कलेक्शन 5,063 करोड़ रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. इसका मुख्य कारण सितंबर 2025 में लागू जीएसटी 2.0 को माना जा रहा है, जिसके तहत अधिकांश वस्तुओं पर सेस समाप्त कर दिया गया था और टैक्स स्लैब को चार स्तर (28%, 18%, 12% और 5%) से घटाकर दो स्तर (18% और 5%) कर दिया गया.

किन राज्यों से आया सबसे ज्यादा GST

राज्यों के स्तर पर देखें तो फरवरी में महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक में सबसे अधिक जीएसटी संग्रह हुआ. इसके बाद हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पश्चिम बंगाल का स्थान रहा. वहीं लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लद्दाख, मिजोरम, नागालैंड और मणिपुर उन क्षेत्रों में शामिल रहे जहां जीएसटी संग्रह सबसे कम दर्ज किया गया.

ये भी पढ़े: FPI की दमदार वापसी: फरवरी में 22,615 करोड़ का निवेश, 17 महीनों का रिकॉर्ड टूटा

More Articles Like This

Exit mobile version