L&T Order News: लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (PT&D) कारोबार को भारत और विदेशों में कई बड़े इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) ऑर्डर मिले हैं. कंपनी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. इन ऑर्डरों की कुल वैल्यू 15,000 करोड़ रुपये तक है और इन्हें कंपनी की ‘मेगा’ श्रेणी में रखा गया है.
कंपनी ने BSE पर की गई एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इन परियोजनाओं का मकसद बिजली ट्रांसमिशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और नवीकरणीय ऊर्जा की निकासी के लिए जरूरी सिस्टम तैयार करना है.
सऊदी अरब में 380 KV ट्रांसमिशन और सबस्टेशन का ऑर्डर
सऊदी अरब में L&T को 380 KV ट्रांसमिशन और सबस्टेशन से जुड़े ऑर्डर मिले हैं. इन परियोजनाओं के जरिए ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने और नवीकरणीय ऊर्जा की निकासी के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा. इससे देश के बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
UAE में सबस्टेशन और केबलिंग का काम
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में कंपनी को 132/11 KV सबस्टेशन बनाने के साथ उससे जुड़े केबलिंग कार्यों का ऑर्डर मिला है. इस परियोजना के तहत सबस्टेशन निर्माण और संबंधित केबलिंग का काम किया जाएगा.
विशाखापत्तनम में बनेगा ट्रांसमिशन सिस्टम
भारत में L&T को एक प्रमुख निजी क्षेत्र के डेवलपर से विशाखापत्तनम में ट्रांसमिशन सिस्टम स्थापित करने का ऑर्डर मिला है. इस परियोजना में ट्रांसमिशन लाइनें और सबस्टेशन शामिल हैं.
कंपनी ने क्या कहा?
L&T में PT&D के कार्यकारी उपाध्यक्ष और प्रमुख जोजी सेबेस्टियन ने कहा, “ये ऑर्डर PT&D की इंजीनियरिंग और परियोजनाओं को पूरा करने की क्षमताओं की व्यापकता तथा विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में जटिल बिजली बुनियादी ढांचा समाधान उपलब्ध कराने की क्षमता को दर्शाते हैं.” उन्होंने कहा कि ग्रिड को मजबूत करने, नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण और इससे जुड़े बुनियादी ढांचे की बढ़ती मांग से कारोबार के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं.
L&T का PT&D कारोबार क्या करता है?
L&T का पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार बिजली क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं के लिए EPC और एंड-टू-एंड सेवाएं उपलब्ध कराता है. इसके तहत कंपनी ट्रांसमिशन लाइन, सबस्टेशन, भूमिगत केबल नेटवर्क और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम करती है.
इसके अलावा बिजली की गुणवत्ता सुधारने और विभिन्न बुनियादी ढांचे के विद्युतीकरण से जुड़ी परियोजनाएं भी इसके कारोबार का हिस्सा हैं. ऑर्डर मिलने की खबर के बीच कारोबारी सत्र में लार्सन एंड टुब्रो के शेयर BSE पर 0.93% तक बढ़कर 3,727 रुपये पर पहुंच गए. शेयर का इंट्राडे हाई 3,745 रुपये रहा.
यह भी पढ़े: इंग्लैंड के एयरबेस से अमेरिका ने वापस बुलाए सभी बॉम्बर विमान, जाने क्यों लिया ये फैसला

