LPG Prices: अप्रैल-मई की तपती धूप में जिस एलपीजी सिलेंडर को पाने के लिए लोगों को गैस एजेंसियों पर घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, आज वही सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो रहा है. ईरान युद्ध के शुरुआती दिनों में कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत इतनी बढ़ गई थी कि इसकी सप्लाई बेहद सीमित कर दी गई थी. उस समय कमर्शियल सिलेंडर मिलना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. ग्रामीण इलाकों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर तय कीमत से 200 से 600 रुपये तक कम में बेचे जा रहे हैं. हालांकि, 22 सितंबर को दिल्ली से पटना तक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में घरेलू सिलेंडर का दाम 942 रुपये और 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,747.50 रुपये बनी हुई है.
यह स्थिति भले ही हैरान करने वाली लगे, लेकिन उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के ग्रामीण और छोटे कस्बाई इलाकों में कमर्शियल सिलेंडर की बिक्री की यही तस्वीर सामने आ रही है. यहां गैस एजेंसियों के लिए 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कम खपत परेशानी का कारण बनी हुई है. कुशीनगर में फिलहाल 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,946 रुपये और 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 1,014 रुपये है. घरेलू सिलेंडर की कीमत में एजेंसी संचालकों के पास कोई विशेष गुंजाइश नहीं होती, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर 2,400 से 2,700 रुपये के बीच उपलब्ध हो रहे हैं.
क्यों तय कीमत से कम दाम पर बिक रहे कमर्शियल सिलेंडर?
एक गैस एजेंसी संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सिलेंडर से लदी गाड़ी में औसतन पांच कमर्शियल सिलेंडर होते हैं. जितने सिलेंडर भरे हुए आते हैं, उतने ही खाली सिलेंडर लेकर गाड़ी वापस जाती है. अगर 19 किलो वाले पांच खाली कमर्शियल सिलेंडर नहीं दिए गए तो ट्रक वापस नहीं जा पाएगा और इससे आगे की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है. ग्रामीण इलाकों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की खपत काफी कम है.
छोटे-मोटे दुकानदार भी किसी न किसी तरह घरेलू सिलेंडर का इंतजाम करके अपना कारोबार चला लेते हैं. ऐसे में कमर्शियल सिलेंडर की मांग कम रहने से एजेंसियों के सामने स्टॉक निकालने की चुनौती खड़ी हो जाती है. सप्लाई व्यवस्था बाधित न हो और खाली सिलेंडर समय पर वापस किए जा सकें, इसके लिए एजेंसी संचालक कमर्शियल सिलेंडर को 200 से 600 रुपये तक कम कीमत पर बेच रहे हैं. इससे उन्हें स्टॉक निकालने में मदद मिलती है और सिलेंडर की आपूर्ति भी जारी रह सकती है.
गैस सिलेंडर की बुकिंग का अंतराल 45 से घटकर 25 दिन हुआ
एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर भी नियमों में बदलाव किया गया है. पहले शहरी क्षेत्रों में सिलेंडर बुक करने के लिए 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित था. लेकिन पेट्रोलियम मंत्रालय ने हाल ही में इसमें बदलाव करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी बुकिंग का अंतराल 25 दिन कर दिया है. सरकारी तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने इस बदलाव को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है.
पेट्रोलियम मंत्रालय ने अपने आधिकारिक पत्र में कहा है कि एलपीजी की आपूर्ति अब पहले की तुलना में बेहतर हुई है और बैकलॉग में भी काफी कमी आई है. इसी को देखते हुए सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए, चाहे वे शहरी क्षेत्र में रहते हों या ग्रामीण इलाके में, सिलेंडर बुकिंग का अंतराल 25 दिन निर्धारित किया गया है.
यह भी पढ़े: टैरिफ के बीच ट्रंप से मिलेंगे PM Modi? दिसंबर में US दौरे पर रहेंगी दुनिया की नजर