PM Modi Donald Trump: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में अमेरिका जाने की संभावना जताई जा रही है. संभावित दौरे के दौरान वह फ्लोरिडा में आयोजित होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं. यह सम्मेलन 14 और 15 दिसंबर को प्रस्तावित है और इसकी मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे.
दौरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
हालांकि, पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे को लेकर भारत सरकार की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अगर उनका दौरा तय होता है, तो G20 बैठक के दौरान ट्रंप और मोदी के बीच अलग से द्विपक्षीय वार्ता होने की संभावना भी है.
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा PM Modi Donald Trump
दोनों नेताओं की संभावित मुलाकात ऐसे वक्त में हो सकती है, जब भारत-अमेरिका संबंधों में व्यापार और ऊर्जा से जुड़े कई अहम मुद्दे चर्चा में हैं. दोनों देशों के बीच कारोबारी मसलों को लेकर बातचीत जारी है. इसके अलावा रूस से भारत की कच्चे तेल की खरीद भी अमेरिका के साथ बातचीत में एक महत्वपूर्ण विषय बनी हुई है. ऐसे में संभावित मोदी-ट्रंप वार्ता में व्यापारिक संबंधों के साथ-साथ ऊर्जा और तेल खरीद से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है. हालांकि, बैठक और उसके एजेंडे को लेकर अंतिम तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी.