Nandini Dairy Price Hike: दिवाली से पहले नंदिनी ने बढ़ाए घी, मक्खन और पनीर के दाम, जानें अब कितने में मिलेगा कौन-सा पैक

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Nandini Dairy Price Hike: दूध, दही, घी, मक्खन और पनीर जैसे डेयरी उत्पादों का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है. ऐसे में इनकी कीमतों में बदलाव का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है. अगर आप भी नंदिनी के डेयरी प्रोडक्ट्स खरीदते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. बेंगलुरु मिल्क यूनियन (BAMUL) ने घी, मक्खन, पनीर और तृप्ति दूध की कीमतों में संशोधन किया है. नई दरें 4 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं.

खास बात यह है कि दिवाली से ठीक पहले डेयरी उत्पादों के दामों में यह बदलाव किया गया है. इससे पहले कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर और दही की कीमतों में 14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. अब घी, मक्खन, पनीर और तृप्ति दूध की नई कीमतें भी तय कर दी गई हैं.

नंदिनी घी की नई कीमतें कितनी हुईं?

BAMUL की ओर से 4 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, नंदिनी घी के अलग-अलग पैक की कीमतों में बदलाव किया गया है. अब 200 मिलीलीटर घी के पैकेट के लिए 95 रुपये देने होंगे. वहीं, 500 मिलीलीटर का पैकेट 425 रुपये और एक लीटर का पैकेट 850 रुपये में मिलेगा.

PET जार में मिलने वाले घी के नए रेट

PET जार में उपलब्ध नंदिनी घी की कीमतों में भी बदलाव किया गया है. इसके अलावा बड़े पैक और टिन की नई दरें भी निर्धारित की गई हैं.

पैक का आकार नई कीमत
50 मिलीलीटर PET जार 65 रुपये
100 मिलीलीटर PET जार 100 रुपये
200 मिलीलीटर PET जार 180 रुपये
500 मिलीलीटर PET जार 435 रुपये
1 लीटर PET जार 870 रुपये
5 लीटर पैक 4,250 रुपये
1 लीटर टिन 870 रुपये
15 किलोग्राम टिन 14,100 रुपये

नंदिनी पनीर के नए दाम जानें

नंदिनी पनीर खरीदने वालों को भी अब नए रेट के हिसाब से भुगतान करना होगा. अलग-अलग पैक के लिए कीमतें इस प्रकार तय की गई हैं.

  • 200 ग्राम पनीर: 115 रुपये
  • 500 ग्राम पनीर: 260 रुपये
  • 1 किलोग्राम पनीर: 485 रुपये
  • 200 ग्राम मध्यम वसा वाला पनीर: 110 रुपये

मक्खन की नई कीमतें भी लागू

नंदिनी ने नमकीन और बिना नमक वाले मक्खन के दामों में भी बदलाव किया है. अब 100 ग्राम नमकीन मक्खन का पैकेट 90 रुपये में मिलेगा. वहीं, 500 ग्राम के पैकेट के लिए 380 रुपये चुकाने होंगे.

बिना नमक वाले मक्खन की नई कीमतें इस प्रकार हैं.

  • 200 ग्राम बिना नमक वाला मक्खन: 160 रुपये
  • 500 ग्राम बिना नमक वाला मक्खन: 390 रुपये
  • मक्खन का फैमिली पैक: 90 रुपये
  • 10 ग्राम के ब्लिस्टर पैक के हिसाब से कीमत: 900 रुपये प्रति किलोग्राम

तृप्ति दूध के नए रेट क्या हैं?

नंदिनी के तृप्ति दूध की कीमतों में भी बदलाव किया गया है. अब 130 मिलीलीटर के पैकेट के लिए 11 रुपये देने होंगे. वहीं, 450 मिलीलीटर दूध का पैकेट 33 रुपये में मिलेगा. ये सभी नई दरें 4 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं. ऐसे में नंदिनी के घी, मक्खन, पनीर और तृप्ति दूध की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को अब नए रेट के हिसाब से भुगतान करना होगा.

Latest News

बंगाल STF का एक्शनः दुर्गापुर और बीरभूम में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, चार अरेस्ट

Bengal STF Action: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी के...

More Articles Like This

Exit mobile version